पसमांदा मुस्लिम महाज का सपा पर हमला: भाजपा को बदनाम कर रहे अखिलेश, पीडीए की राजनीति फर्जी और धर्म आधारित
बाराबंकी, अमृत विचार। सट्टी बाजार स्थित कार्यालय पर आयोजित सभा में ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राईन ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पीडीए राजनीति को फर्जी बताते हुए तीखा हमला बोला। पसमांदा मुसलमानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव केवल हिंदू समाज में ही पिछड़ा, दलित और सवर्ण देखते हैं, जबकि मुस्लिम समाज सहित अन्य अल्पसंख्यकों की उपेक्षा करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को बदनाम करने का प्रयास करने वाले अखिलेश स्वयं धर्म आधारित राजनीति कर रहे हैं। वसीम राईन ने कहा कि जैसे हिंदू समाज में अगड़ा, पिछड़ा और दलित वर्ग होते हैं, उसी प्रकार मुस्लिम समाज में भी विभिन्न वर्ग मौजूद हैं, लेकिन सपा उनकी अनदेखी कर रही है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीति और नीयत शुरू से ही पसमांदा मुस्लिम विरोधी रही है, हालांकि पसमांदा समाज को यह समझने में तीन दशक लग गए। उन्होंने कहा कि यदि पसमांदा मुसलमान किसी पार्टी का साथ छोड़ देते हैं तो वह पार्टी दोबारा सत्ता में नहीं आ पाती, जैसा कांग्रेस, बसपा, राजद और आप के साथ कई राज्यों में हुआ।
राईन ने दावा किया कि भविष्य में सपा भी केवल एक जाति-विशेष की पार्टी बनकर रह जाएगी और उत्तर प्रदेश में उसका हाल भी बिहार की राजद जैसा होने तय है। कार्यक्रम में महमूद चौधरी, अशफाक राईन, शफीक राईन, गुलजार कुरैशी, रिजवान राईन, रऊफ राईन, अनीस राईन, अब्दुल्ला, सलमान राईन, वकील अंसारी, जावेद राईन, इमरान अंसारी, कलीम लाला, मोमिन राईन, तुन्नी सहित कई पसमांदा प्रतिनिधि मौजूद रहे।
