बाराबंकी BJP में बड़ा बदलाव: राम सिंह ‘भुल्लन’ वर्मा बने नए जिलाध्यक्ष, 2027 रणनीति पर फोकस
बाराबंकी, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी ने बाराबंकी में बड़ा संगठनात्मक परिवर्तन करते हुए राम सिंह ‘भुल्लन’ वर्मा को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी ताजपोशी के साथ ही जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
भाजपा का यह कदम पार्टी की पिछड़ा वर्ग केंद्रित रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य और नवनियुक्त अध्यक्ष भुल्लन वर्मा दोनों ही ओबीसी वर्ग से आते हैं। कुर्मी समुदाय से जुड़े वर्मा को आगे लाकर पार्टी जिले के इस बड़े वोट बैंक को साधने की तैयारी में जुट गई है।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक भाजपा का यह फैसला बेनी प्रसाद वर्मा परिवार के प्रभाव को चुनौती देने की दिशा में उठाया गया रणनीतिक कदम भी है। आगामी 2027 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को नए सिरे से ऊर्जा देने की कोशिश की जा रही है।
पार्टी संगठन में बदलाव की चर्चाएं कई महीनों से चल रही थीं। लंबे समय से जिलाध्यक्ष पद पर परिवर्तन न होने की वजह से जिले में कुछ पदाधिकारियों के बीच तालमेल की समस्या उभर रही थी। परिस्थितियों को भांपते हुए भाजपा ने अंततः यह बड़ा फैसला लिया।
अब जिले की राजनीति में सभी की निगाहें नए जिलाध्यक्ष राम सिंह ‘भुल्लन’ वर्मा पर टिकी हैं कि वे संगठनात्मक तालमेल सुधारने, जातीय समीकरण साधने और 2027 की चुनावी तैयारियों को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं।
यह बदलाव भाजपा के लिए कितना लाभकारी सिद्ध होगा, यह आने वाला समय बताएगा।
