बदायूं : पुलिस से मुठभेड़ के बाद हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, दो फरार
गश्त के दौरान रोकने पर आरोपियों ने पुलिस पर की थी फायरिंग
विजय नगला, अमृत विचार। मुठभेड़ के बाद बिनावर पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीट को गिरफ्तार किया है जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी थी। उसके पास से तमंचा, कारतूस और गोकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके फरार साथियों की तलाश की जा रही है।
गुरुवार रात बिनावर पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गांव मोहम्मदपुर बिहार के कट स्थित रेलवे क्रासिंग के पास तीन संदिग्ध लोग होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची। जहां झाड़ी में तीन लोग नजर आए। पुलिस ने उन्हें रुकने के लिए कहा तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। एक बदमाश के पैर में गोली लगी। वह नीचे गिर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। उसके पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस व उपकरण बरामद हुए। उसने अपना नाम गांव सिकरोड़ी निवासी आसिफ पुत्र पप्पू कुरैशी बताया। वह हिस्ट्रीशीटर है। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर दो लोग भाग निकले। उसने अपने साथियों के नाम गांव निजामपुर पस्तोर निवासी मेहरबान उर्फ लुक्का मैनुद्दीन और दूसरे का गांव अहिरवारा निवासी जावेद पुत्र शराफत बताया।
सूचना मिलने पर सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार उस पर गोवध निवारण अधिनियम के अंतर्गत चार मामले पहले से दर्ज हैं। दो बार गैंगस्टर की कार्रवाई हो चुकी है। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर गोवध करता है और गोमांस बेच लेता है। वह लोग गोकशी की फिराक में थे कि पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक शेर पाल सिंह, मनोज आदि रहे।
