Moradabad: ओवरलोडिंग से बढ़ रहे फाल्ट...इन इलाकों में परेशान हुए लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। गलशहीद विद्युत उपकेंद्र में शुक्रवार रात 3 बजे अचानक पावर ट्रांसफार्मर में तकनीकी फाल्ट से गलशहीद, पीरगैब, इंदिरा चौक और आसपास के कई इलाकों की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। 9 घंटे बाद शनिवार को आपूर्ति सुचारू हुई। विभाग की टीम को फाल्ट ठीक करने के लिए उपभोक्ता फोन मिलाते रहे, लेकिन अधिकारी और कर्मचारियों ने रिस्पांस नहीं दिया। नबावपुरा में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही।

दीवान बाजार विद्युत केंद्र से इन क्षेत्रों को सप्लाई देने वाले लाइनों में नबावपुरा स्थित पॉइंट पर बड़ा फॉल्ट हो गया। स्थानीय नागरिक पिंटू कश्यप ने बताया कि इस इलाके में ई-रिक्शा बैटरी चार्जिंग की कई यूनिट चल रही हैं, जिनमें देर रात तक बैटरी चार्जिंग होने से ओवरलोडिंग से लाइन में फाल्ट होता है। सुबह करीब 8 बजे लो वोल्टेज से कई घरों में इनवर्टर बंद हो गए। 2 बजे तक क्षेत्र में कहीं भी बिजली नहीं थी। घरों में पानी की मोटर बंद होने से परेशानी बढ़ गई। 

गलशहीद विद्युत केंद्र के बाहर तारों में फाल्ट से पीर गैब और बरवलान मोहल्ले की बिजली आपूर्ति रात 3 बजे से दोपहर दो बजे तक बंद रही। लोगों को घरेलू कामकाज में परेशानी का सामना करना पढ़ा। अधीक्षण अभियंता नगरीय मुरादाबाद प्रशांत कुमार ने बताया कि नबावपुरा पॉइंट पर फाल्ट की जानकारी मिली थी। इसे ठीक करने के लिए टीम भेजा था। फाल्ट ठीक करने के बाद केबल और तारों की जांच के बाद सप्लाई बहाल की गई।

 

संबंधित समाचार