Lucknow News:पांच दिवसीय बैंकिंग के समर्थन में बैंककर्मियों का प्रदर्शन, हड़ताल की दी चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचारः सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में पांच दिवसीय बैंकिंग प्रणाली लागू न किए जाने के विरोध में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले बैंककर्मियों ने मंगलवार को कपूरथला क यूनियन बैंक, हजरतगंज की सेंट्रल बैंक, चौक की बैंक ऑफ इंडिया और गोमतीनगर की केनरा बैंक शाखा के बाहर प्रदर्शन कर सभाएं की।

यूएफबीयू के जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि फोरम के आह्वान पर अखिल भारतीय स्तर पर हर जिले में धरना, रैली और प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के अड़ियल रुख के चलते देशव्यापी हड़ताल अब तय मानी जा रही है। इस के चलते सोमवार को देश भर में बैंककर्मियों ने एक साथ प्रदर्शन किया। सभा में वाईके अरोड़ा, लक्ष्मण सिंह, एसके संगतानी, संदीप सिंह, वीके माथुर, बीडी पाण्डेय और राकेश पाण्डेय सहित अन्य नेताओं ने कहा कि बढ़ते कार्यभार, तनाव और दबाव को देखते हुए पांच दिवसीय बैंकिंग प्रणाली तत्काल लागू की जानी चाहिए। बैंककर्मियों ने सरकार के ढीले रवैये पर कड़ा रोष जताया।

प्रदर्शन में शामिल बैंक नेताओं ने कहा कि जब कई सरकारी विभागों और वित्तीय संस्थानों में पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू है, तो बैंकों को इससे अलग रखना अन्यायपूर्ण है। मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि 4 जनवरी को ट्विटर अभियान चलाया जाएगा, जबकि 5 जनवरी को स्टेट बैंक की मुख्य शाखा पर सुबह 11 बजे धरना और दोपहर 2 से 3 बजे संयुक्त प्रदर्शन किया जाएगा।

संबंधित समाचार