Bareilly : मस्ती में नाचे, झूमे और 12 बजते ही बोले-हैप्पी न्यू ईयर
बरेली, अमृत विचार। नए साल के स्वागत की तैयारियों में जुटे शहर में हर तरफ उल्लास का माहौल दिखा। 31 दिसंबर की रात और नए साल के जश्न में शहर पूरी रात नाचता, झूमता रहा। घड़ी की सुइयों ने जैसे ही रात के 12 बजाए, लोग खुशी से झूम उठे। एक दूसरे को नए साल की बधाई दी। होटल, रेस्टोरेंट, रिजार्ट, मॉल और बाजार में देर रात तक जश्न चलता रहा।
वर्ष 2025 की विदाई और नए साल 2026 के आगमन को लेकर लोग उत्साहित थे। रात 12 बजते ही पटाखों के शोर ने बता दिया कि नए साल का आगाज हो गया है। शहर के होटल निर्वाना, रमाडा, रेडिसन सहित अन्य स्थानों पर शाम से ही पार्टियों का दौर शुरू हो गया था। सुरीले गीतों, रंग-बिरंगी लाइट्स और आकर्षक सजावट के बीच लोगों ने केक काटे और गले लगकर हैप्पी न्यू ईयर बोले। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी के मन में नए साल की नई तरंग दिख रही थी, जो लोग यहां पर नहीं आ पाए, उन्होंने कालोनियों में नए साल को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
बच्चों ने परिजनों के साथ लजीज व्यंजन खाकर डांस किया तो कहीं जोड़ों में आए युवाओं ने एक-दूसरे को बधाई देकर गीत-संगीत का आनंद उठाया। इस दौरान वाट्सएप, फेसबुक, ईमेल और मोबाइल पर संदेश भी खूब भेजे गए। घर पर नए साल की खुशियां मनाने वालों ने दोस्तों और परिचितों को फोन कर बधाई दी। वहीं, नए वर्ष का स्वागत आर्ट ऑफ लिविंग ने गुरु पूजा, गुरु पादम, सत्संग से किया। इस दौरान भजनों की रसधार बही। गिरजाघरों में मध्य रात्रि में प्रार्थना सभाएं आयोजित कर नव वर्ष का स्वागत किया गया। चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। उधर, पशुपति नाथ, अलखनाथ, धोपेश्वर नाथ, वनखंडी नाथ मंदिर आदि मंदिरों पर विशेष तैयारियां की गई हैं, ताकि भक्तों को पहले दिन पूजन करने में कोई दिक्कत न आए।
