Bareilly : धूप बेअसर, आगरा के बाद सबसे ठंडा रहा दिन, न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले में दो दिन से हल्की धूप खिल रही है लेकिन तेज हवाएं चलने से ठंड पर इसका कोई असर नहीं हो रहा है। यही वजह है कि प्रदेश में सबसे ठंड दिन या रात की सूची में आए दिन जिला शामिल हो रहा है। सोमवार को रात के साथ दिन में भी ठंड से लोग कांपते रहे। 

हल्की धूप खिली लेकिन अधिकतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस कम 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह प्रदेश में आगरा ताज के 13.3 डिग्री सेल्सियस के बाद सबसे कम रहा। इसके बाद शाहजहांपुर और बुलंदशहर में सबसे ठंडा दिन रहा। दोनों जगह का अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं सोमवार को जिले का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग के मुताबिक कोहरे और धुंध की वजह से बरेली एयरफोर्स पर दृश्यता 100 मीटर और जिले में 150 मीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 6 से 8 जनवरी तक कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

 इसके बाद सुबह के समय कोहरा पड़ने का पूर्वानुमान है। अगले एक सप्ताह तक न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 13 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है। इससे साफ है कि लोगों को ठंड से अभी राहत मिलने वाली नहीं है।

 

संबंधित समाचार