लखनऊ मेट्रो स्टेशन पर बैग में तमंचा लेकर पहुंचा छात्र: पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल, आर्म्स एक्ट की रिपोर्ट दर्ज
लखनऊ, अमृत विचार: केडी सिंह बाबू स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर चेकिंग के दौरान बीकाॅम छात्र के बैग में 315 बोर का एक तमंचा मिला। एक्सबीआईएस मशीन में स्कैनिंग के दौरान बैग में तमंचा मिलने पर सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि मंगलवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित मेट्रो स्टेशन पर एक युवक बैग लेकर पहुंचा। मशीन में चेकिंग के दौरान उसके बैग में तमंचा मिला। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसको पकड़ लिया और सूचना हजरतगंज पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित कुमार मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर कोतवाली लाए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अक्षत कनौजिया निवासी वृंदावन कॉलोनी पीजीआई बताया। पूछताछ की गई तो उसने बताया कि जनेश्वर मिश्र पार्क के पास उसे तमंचा पड़ा मिला था। उसने तमंचा उठाकर बैग में रख लिया था। उपनिरीक्षक अंकित कुमार ने आर्म्स एक्ट की रिपोर्ट दर्ज करायी है।
ये भी पढ़ें :
UPPCL: बैलेंस नेगेटिव होने पर भी चल रहे 80 % स्मार्ट प्रीपेड मीटर, 1066 करोड़ रुपये बकाया से पावर कॉरपोरेशन परेशान
