Bareilly: व्यावसायिक सिलेंडरों पर भी संकट, होटल-रेस्टोरेंट में हुई कमी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। जिले में व्यावसायिक सिलेंडरों को लेकर संकट का बादल खड़ा हो गया है। होटल और रेस्टोरेंटों में व्यावसायिक सिलेंडरों की खेप नहीं पहुंच पा रही है। जबकि, कुछ एजेंसी संचालक इसे ब्लैक में कुछ अतिरिक्त रुपये लेकर सप्लाई करा रहे हैं।

पश्चिम एशिया में छिड़े युद्ध के कारण व्यावसायिक गैस सिलेंडरों पर संकट खड़ा हो गया है। पेट्रोलियम कंपनियों ने सात मार्च को घरेलू सिलेंडर की कीमत में 60 और व्यावसायिक की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी की थी। साथ ही, बुकिंग में 25 दिन का नियम लागू कर दिया था। नए नियम के तहत अब एक बार घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग के बाद दूसरी गैस सिलेंडर की रिफिल के लिए बुकिंग 25 दिन बाद ही होगी। 

होटल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अनुज सक्सेना ने कहा कि स्थानीय होटल और रेस्टोरेंट उद्योग के लिए यह गंभीर चिंता का विषय है। व्यावसायिक (कमर्शियल) सिलेंडरों की किल्लत सीधे तौर पर इस सेक्टर के कामकाज और लागत को प्रभावित करती है। सिलेंडरों की उपलब्धता कम होने से दैनिक संचालन में भी बाधा आ रही है।

थोड़ी देर के लिए बंद हुई थी आईओसी, बढ़ गया था लोड
डीएसओ मनीष कुमार ने बताया कि गैस बुकिंग के लिए आईओसी पर लोड बढ़ गया था। इसके चलते वह कुछ समय के लिए बंद हो गई थी। बाकी पूरे टाइम काम होता रहा। इसके साथ ही हमारे पास लगातार सप्लाई आ रही है। अभी 4-5 दिन का स्टाक हमारे पास है। किसी तरह से कोई परेशानी की जरूरत नहीं है। अगर किसी एजेंसी पर ओवर रेट लेते हुए कोई पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

संबंधित समाचार