Bareilly : पुरानी पेंशन के लिए एक अप्रैल को काला दिवस मनाएगा अटेवा
बरेली, अमृत विचार। नई पेंशन योजना लागू किए जाने के विरोध में अटेवा ने एक अप्रैल को काला दिवस मनाने का निर्णय लिया है। राष्ट्रीय आह्वान पर जिलाध्यक्ष डॉ. मुनीष कुमार गंगवार के नेतृत्व में सोमवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज सहित विभिन्न संस्थानों में जागृति अभियान चलाया गया।
अटेवा के जिलाध्यक्ष ने कहा कि पुरानी पेंशन सेवानिवृत्ति के बाद सुरक्षित जीवन की गारंटी थी, जबकि बाजार आधारित एनपीएस ने कर्मचारियों के भविष्य को अनिश्चितता और असुरक्षा में डाल दिया है। इसी अन्याय के विरोध में एक अप्रैल को जनपद के समस्त शिक्षक और कर्मचारी अपने कार्यस्थलों पर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे।
शिक्षक डॉ रजनीश गंगवार ने कहा कि यह केवल एक दिन का विरोध नहीं है, बल्कि यह कर्मचारियों के हक और अधिकारों की लड़ाई है। डॉ. छोटे लाल ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द पुरानी पेंशन बहाली की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। जिला प्रवक्ता ललित चौधरी,डॉ. राजेंद्र गंगवार, सौरभ गुप्ता आदि मौजूद रहे।
