Moradabad: वित्तीय वर्ष में रेल मंडल ने रिकॉर्ड 1012.56 करोड़ कमाए, चीनी लोडिंग में 24% की बढ़ोतरी
मुरादाबाद, अमृत विचार। मुरादाबाद रेल मंडल प्रशासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में यात्री राजस्व का अब तक का उच्चतम स्तर 1012.56 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कमाई की। जो पिछले वर्ष की तुलना में 4.5% अधिक है। वहीं गैर-किराया राजस्व का उच्चतम स्तर 8.78 करोड़ रुपये हासिल किया। यह भी पिछले वर्ष की तुलना में 65% अधिक है। रेल मंडल में मास्टर प्लान के अन्तर्गत हरिद्वार और देहरादून स्टेशनों पर सुदृढ़ीकरण कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा कई स्टेशनों पर एस्केलेटर, नये वेटिंग हॉल बनाए गए हैं। रुड़की व देवबंद नई रेल लाइन में दो स्टेशन भी बढ़े हैं।
यह बातें मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनीता श्रीवास्तव ने शनिवार को कार्यालय में आयोजित पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही। वह वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान रेल मंडल की उपलब्धियों की जानकारी दे रहीं थीं। उन्होंने बताया कि आय के मामले में वित्तीय वर्ष 2025-26 में यात्री राजस्व का अब तक का उच्चतम स्तर हासिल करते हुए 1012.56 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कमाई की गई। जो पिछले वर्ष की तुलना में 4.5% अधिक है। वहीं गैर-किराया राजस्व में 8.78 करोड़ रुपये जो पिछले वर्ष की तुलना में 65% अधिक है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में, पार्किंग से होने वाला उच्चतम राजस्व 2.99 करोड़ रुपये है जो पिछले वर्ष की तुलना में क्रमशः 25% और 156% अधिक है। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक /इन्फ्रा प्रेमशंकर झा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) सुशील कुमार भी मौजूद रहे।
लोडिंग से भी बढ़ी रेलवे की आय
डीआरएम ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में लोडिंग 2023-24 में 5.93 मीट्रिक टन से बढ़कर 2024-25 में 6.18 मीट्रिक टन और 2025-26 में 6.30 मीट्रिक टन हो गई है। इसमें सीमेंट लोडिंग में : 133% की वृद्धि हुई। चालू वर्ष में 6.5 रैक लोड किए गए जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 24.25 रैक थी। वैगन लोडिंग में भी 133% की वृद्धि हुई और यह 2,486 वैगन तक पहुंच गई। चीनी की लोडिंग में 24% की वृद्धि हुई है, इस वर्ष 113.5 रैक लोड किए गए, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 91.5 रैक लोड किए गए थे। वैगन लोडिंग में 23% की वृद्धि हुई, यह 4,863 वैगन तक पहुंच गई। मक्का की लोडिंग में 98% की वृद्धि दर्ज की गई, इस वर्ष 50.5 रैक लोड किए गए, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 25.5 रैक थी। वैगन लोडिंग 79% बढ़कर 1,891 वैगन तक पहुंच गई। ऑटोमोबाइल लोडिंग में 38% का सुधार हुआ, जिसमें 179 वाहन शामिल हैं।
स्टेशनों का हो रहा कायाकल्प
डीआरएम ने बताया कि मास्टर प्लान के अन्तर्गत हरिद्वार और देहरादून रेलवे स्टेशन पर सौंदर्यीकरण व जीर्णोद्धार कार्य प्रस्तावित हैं। यात्रियों की आवाजाही के लिए एस्केलेटर, नये वेटिंग हाल, रुड़की और देवबंद नयी रेल लाइन में दो स्टेशन बढ़े हैं। आठ रेलवे स्टेशन पर सोलर एनर्जी सिस्टम लगाया गया है।
रुद्रपुर-कर्णप्रयाग चारधाम परियोजना महत्वपूर्ण
मंडल रेल प्रबंधक ने रुद्रपुर-कर्णप्रयाग रेल परियोजना कब तक पूरा होगा के सवाल पर कहा कि रुद्रपुर-कर्णप्रयाग चारधाम रेल परियोजना उत्तराखंड के साथ ही रेल मंडल के लिए काफी महत्वपूर्ण है। रेल लाइन बिछाने में टनल्स के अवरोध काफी हद तक दूर हो गए हैं। हरिद्वार में अर्द्धकुंभ की तैयारियां चल रही हैं। 11 रेलवे स्टेशनों को अपग्रेड किया जा रहा है।
ट्रेनों में सफाई कार्य में होगा सुधार
डीआरएम ने यात्रा के दौरान ट्रेनों के शौचालयों व बोगी में सफाई विशेषकर वंदे भारत के सवाल पर कहा कि सफाई पर पूरा ध्यान रहता है। कमी होने पर रेल वन ऐप पर शिकायत कर सकते हैं। आन बोर्ड क्लीनिंग स्टाफ रखे गए हैं। बरेली, रोजा स्टेशन वाटर स्टॉक सेंटर बनाए गए हैं क्योंकि पानी की उपलब्धता पर ही सफाई व्यवस्था टिकी है। ट्रेनों में क्लीनिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मुरादाबाद में रेलवे की नई कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
वर्तमान वैश्विक परिदृश्य का पड़ा असर
डीआरएम ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य से मुरादाबाद रेल मंडल भी थोड़ा प्रभावित हुआ। कंटेनर के रेट बढ़े। गैस संकट से निपटने के लिए इंडक्शन उपलब्ध कराया गया, हालांकि रेल मेंटीनेंस का काम निर्बाध चल रहा है।
22 जिलों व 25 लोकसभा क्षेत्रों में फैला दायरा
डीआरएम ने बताया कि मुरादाबाद मंडल का दायरा प्रदेश और उत्तराखंड के 22 जिलों व 25 लोकसभा क्षेत्रों में फैला हुआ है। यह लगभग 1402 किलोमीटर के रेल नेटवर्क में 150 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस व 43 जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों के माध्यम से 150 स्टेशन और 48 हॉल्ट पर प्रतिदिन लगभग 3 लाख यात्रियों को सेवा देता है। उद्योग क्षेत्र में रेल मंडल महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खाद कारखानों, चीनी मिलों आदि को सेवा प्रदान करते हुए राष्ट्र की आवश्यकताओं की पूर्ति में अग्रणी है।
यात्री सुविधाओं में भी अग्रणी
उन्होंने बताया कि मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर 150 यूटीएस और 40 पीआरएस केंद्र हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए 14 यूटीएस-कम-पीआरएस काउंटर भी स्थापित किए गए हैं। खानपान सुविधाओं के तहत मंडल में वर्तमान में 6 रिफ्रेशमेंट रूम, 30 मल्टीपर्पस स्टॉल/ट्रॉली, 14 मिल्क स्टॉल, 18 वाटर वेंडिंग मशीन और 242 कैटरिंग यूनिट संचालित हैं। इसके अलावा 11 स्टेशनों पर 13 एटीएम, 16 स्टेशनों पर 27 पार्किंग यूनिट, 6 स्टेशनों पर 7 पे-एंड-यूज़ शौचालय भी है।
