अल्मोड़ा: बिजनौर की दो युवतियां गांजे के साथ गिरफ्तार
अल्मोड़ा, अमृत विचार। पर्वतीय क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। आश्चर्यजनक बात यह कि अब इनमें महिलाएं भी लिप्त पाई जा रही हैं। ऐसे ही एक मामले में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोहान में बिजनौर जिले की दो युवतियों को 51 हजार रुपये के गांजे …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। पर्वतीय क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। आश्चर्यजनक बात यह कि अब इनमें महिलाएं भी लिप्त पाई जा रही हैं। ऐसे ही एक मामले में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोहान में बिजनौर जिले की दो युवतियों को 51 हजार रुपये के गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भतरौंजखान थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसएसपी पीएन मीणा के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान भतरौजखान पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना प्राप्त हुई। जिसके बाद के उप निरीक्षक ललित सिंह, कांस्टेबल सतपाल सिंह, महिला कांस्टेबल किरन व उपासना ने मोहान में वाहनों की चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान हल्दूखाल से रामनगर की ओर जा रही बस में सवार रिया पुत्री पवन कुमार निवासी हजरी, धामपुर बिजनौर और अनामिका पुत्री रोहतरस निवासी धामपुर बिजनौर के पास से 12 किलो 768 ग्राम गांजा बरामद किया गया। थानाध्यक्ष अनीस अहमद ने बताया कि बरामद गांजे की कीमत करीब 51 हजार रुपये है। दोनों महंगे दाम पर गांजा बेचने के लिए धामपुर ले जा रहे थे। दोनों के खिलाफ भतरौंजखान थाने में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पहले भी महिलाओं को किया जा चुका है गिरफ्तार
तस्करी के मामलों में लग्जरी वाहनों का प्रयोग और महिलाओं की लिप्तता कोई नई बात नहीं है। इस पहले भी सल्ट में एक लग्जरी वाहन में महिलाओं के साथ लाखों रुपये की शराब पकड़ी गई थी। लेकिन गुरुवार को फिर दो युवतियां गांजे के साथ पकड़ी गई हैं। जिससे अब पुलिस की चुनौती और बढ़ गई है।
