Uttrakhand: 1.88 करोड़ की योजना, 16 कॉलोनियों को मिलेगा जलभराव से छुटकारा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। गैरवैशाली क्षेत्र की 16 कॉलोनियों में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलने जा रही है। वन चौकी से बरसाती नाले के डायवर्जन कार्य का दूसरा चरण मंगलवार से शुरू किया जाएगा। अधिशासी अभियंता सिंचाई डीएस रावत ने सोमवार को प्रभावित क्षेत्रवासियों को यह जानकारी दी।

 1.88 करोड़ रुपये की लागत से 196 मीटर लंबे नाले एवं डिसिल्टिंग टैंक का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य से क्षेत्र की 16 कॉलोनियों को बरसात में होने वाले जलभराव से निजात मिलने की उम्मीद है। इस परियोजना को लेकर पूर्व में क्षेत्रवासियों ने देवकीबिहार विकास समिति के अध्यक्ष रमेश चन्द्र पाण्डे के नेतृत्व में आंदोलन किया था। इसके बाद प्रशासन ने कार्ययोजना तैयार कर प्रथम चरण में 96.24 लाख रुपये की स्वीकृति दी थी, जिसके तहत 143 मीटर कार्य पूरा किया गया था। 

दूसरे चरण का कार्य बजट के अभाव में रुका हुआ था, जिसे क्षेत्रीय विधायक बंशीधर भगत के प्रयासों और जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की स्वीकृति के बाद 1.88 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया। सिंचाई विभाग के अनुसार निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज मंगलवार से कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। ईई डी.एस. रावत ने बताया कि जेई संजय जोशी और ठेकेदार को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।

 

संबंधित समाचार