Lucknow Tennis Tournament : यूपी के ऋषि, मेहर, आशी और आइरा को वाइल्ड कार्ड एंट्री, आईटीएफ जूनियर जे 30 में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन
लखनऊ, अमृत विचार: गोमती नगर विजयंत खंड स्थित टेनिस एरिना में चल रहे आईटीएफ जूनियर जे-30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट में रविवार को खेले गए क्वालीफायर मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई।
बालक वर्ग में श्रेयंत महंतेशा, पार्थिव नल्लागुंडला, माधव दाधीच और हर्ष मारवाहा ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर मुख्य ड्रॉ में प्रवेश किया। बालिका वर्ग में भारत की शाजफा वानिया, मानवी राठ, पूर्वी पटवा और ऑस्ट्रेलिया की तृषा जानी ने जीत दर्ज कर मुख्य ड्रॉ का टिकट हासिल किया।
यूपी टेनिस एसोसिएशन (यूपीटीए) और केसरी स्पोर्ट्स की देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता में यूपी के अभिउदय सिंह मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने से चूक गए। वहीं मुख्य ड्रॉ में बालक वर्ग में यूपी के ऋषि यादव और मेहर सिंह खोसला के साथ बालिका वर्ग में आशी शमसेरी और आइरा को वाइल्ड कार्ड एंट्री दी गई है।
रविवार को खेले गए मुकाबलों में श्रेयंत महंतेशा ने अभिउदय सिंह को 6-0, 6-3 से हराया। पार्थिव नल्लागुंडला ने सार्थक अशोक गायकवाड़ को 6-1, 6-4 से पराजित किया। माधव दाधीच ने रोमांचक मुकाबले में अथर्व श्रीरामोजु को 4-6, 6-2, 11-9 से हराया, जबकि हर्ष मारवाहा ने श्लोक चौहान को 6-3, 7-6(5) से मात दी। बालिका वर्ग में पूर्वी पटवा ने शरण्या श्रीवास्तव को 6-1, 6-0 से हराया।
शाजफा वानिया ने धानी को 6-1, 6-0 से पराजित किया, जबकि मानवी राठ ने सारा फेंगसे को 6-4, 6-4 से हराया। तृषा जानी ने एशान्या खट्टर को 6-3, 6-2 से हराकर मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई।
आयोजन सचिव समित केसरी के अनुसार सोमवार से मुख्य ड्रॉ के मुकाबले सुबह साढ़े आठ बजे से खेले जाएंगे। बालक और बालिका वर्ग में 32-32 खिलाड़ियों का ड्रॉ है, जिसमें 24 खिलाड़ियों को सीधे प्रवेश मिला है। चार खिलाड़ी क्वालीफायर से पहुंचे हैं, जबकि चार खिलाड़ियों को वाइल्ड कार्ड दिया गया है।
