रामनगर: जन्मदिन की पार्टी में गए युवक की पीट-पीटकर हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर, अमृत विचार। कंचनपुर गांव में गुरुवार की रात जन्मदिन की पार्टी में गए युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार की सुबह उसका शव अर्धनग्न हालत में गांव में पड़ा मिला। शव पर चोट के निशान हैं। नगर से चार किलोमीटर दूर ग्राम कंचनपुर निवासी इंदर जोशी (25) पुत्र पीतांबर दत्त जोशी गांव …

रामनगर, अमृत विचार। कंचनपुर गांव में गुरुवार की रात जन्मदिन की पार्टी में गए युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार की सुबह उसका शव अर्धनग्न हालत में गांव में पड़ा मिला। शव पर चोट के निशान हैं।

नगर से चार किलोमीटर दूर ग्राम कंचनपुर निवासी इंदर जोशी (25) पुत्र पीतांबर दत्त जोशी गांव के ही एक ढाबे में अपने एक दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में गया था मगर देर रात तक भी घर नहीं लौटा। सुबह गांव के एक युवक ने उसे ढाबे से कुछ ही मीटर दूर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। उसके आधे कपड़े उतरे हुए थे। इसकी सूचना उसने परिजनों को दी। परिजन उसे संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की जानकारी मिलते ही सीओ पंकज गैरोला चिकित्सालय पहुंच गए। उनके अनुसार मृतक की पीठ और कमर में चोट के निशान हैं। पुलिस ने रात में उसके साथ रहे चारों दोस्तों को कोतवाली बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ ने बताया कि अभी परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। उधर, पुलिस इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा में है। पुलिस का मानना है कि युवक की मृत्यु का असल कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा।

संबंधित समाचार