Bareilly:सीएम ग्रिड योजना के चौथे चरण में राजेंद्र नगर बनेगा शहर का मॉडल
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड) योजना के चौथे चरण के तहत राजेंद्र नगर शहर के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का मॉडल बनेगा। इस प्रमुख और व्यस्त क्षेत्र को अंतर्राष्ट्रीय पर विकसित किया जाएगा। करीब 79.63 करोड़ रुपये से इसका कायाकल्प होगा। पूरे इलाके से बिजली के तारों का जंजाल खत्म कर उन्हें भूमिगत किया जाएगा। पैदल चलने वालों के लिए चौड़े व आधुनिक फुटपाथ तैयार किए जाएंगे।
नगर निगम के निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी ने 3.25 किलोमीटर लंबे मार्ग को तीन अलग-अलग चरणों में बांटा है। पहले हिस्से में सलेक्शन पॉइंट से केजीएन फर्नीचर तक का पौने एक किलोमीटर का क्षेत्र 22.95 करोड़ से चमकेगा। दूसरे हिस्से में स्वयंवर बरात घर से शिवाजी चौक होते हुए श्रीराम जानकी मंदिर तक 122 किलोमीटर पर 30.23 करोड़ खर्च होंगे, जबकि तीसरे चरण में आईवीआरआई रोड से रतन स्वीट्स होते हुए स्वयंवर बरात घर तक 1.222 किमी सड़क को 26.45 करोड़ रुपये से संवारा जाएगा। इस योजनाबद्ध विकास से राजेंद्र नगर की सड़कें चमकेंगी व जाम की समस्या से निजात मिलेगी। मुख्य अभियंता के मुताबिक शासन को सभी मार्गों का प्रस्ताव भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य आरंभ हो जाएगा।
मई तक पहले चरण का काम पूरा करने की डेडलाइन
नगर निगम प्रशासन इस प्रोजेक्ट को लेकर बेहद गंभीर है। मई के अंत तक पहले चरण के कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। एक्सईएन राजीव कुमार राठी के मुताबिक अंतर्राष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही इन सड़कों से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि बरेली की ब्रांडिंग भी मजबूत होगी।
