Bareilly : सेल्फ जनगणना में 33 आसान सवाल, ऑनलाइन फीडिंग करिए और काम पूरा
परिवार के सिर्फ एक सदस्य को भरना है फार्म, घर- मकान, वाहन, रसोई, ईधन, शौचालय, इंटरनेट के बारे में मांगी जा रही जानकारी
बरेली, अमृत विचार। राष्ट्रीय महत्व से जुड़ी जनगणना-2027 क्रम में गुरुवार से सेल्फ गणना का कार्य शहर से देहात तक शुरू हो गया। पहले दिन यूपी सरकार के मंत्री डॉ. अरुण कुमार के साथ मेयर, सांसद-विधायकों ने समारोहपूर्वक ऑनलाइन परिवारों की सेल्फ फीडिंग करके दिखाई और आम जनों से भी इस मुहिम बढ़-चढ़कर भागीदारी देने की अपील की। 7 से 21 मई तक चलने वाली सेल्फ जनगणना से जिले में लोग जुड़ते भी नजर आने लगे हैं।
प्रशासन के अनुसार, लोग घर बैठे मोबाइल के जरिए खुद अपने परिवार की जनगणना पूरी कर सकते हैं। इसके लिए परिवार के मुखिया या किसी भी एक सदस्य को को se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा। एक नंबर से एक परिवार की ही फीडिंग संभव होगी। हिन्दी और अंग्रेजी सहित 16 भाषाओं का विकल्प दिया गया है। सेल्फ जनगणना में 33 आसान सवालों के जवाब भरने हैं। इनमें मकान की स्थिति, छत कैसी है, घर में कितने कमरे और रसोई हैं, शौचालय है या नहीं, वाहन कौन सा है, खाना बनाने में क्या ईंधन इस्तेमाल करते हैं, मकान किस सामग्री से बना है, इंटरनेट कनेक्शन है कि नहीं जैसे प्रश्न शामिल हैं। खास बात ये है कि फार्म भरते समय कोई भी कागज अपलोड नहीं करना है, सिर्फ फार्म भरकर सबमिट किया जाना है। ऑनलाइन फॉर्म भरते समय नागरिकों को अपने मकान की लोकेशन भी डिजिटल मैप पर मार्क करनी है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित परिवार को एक यूनिक आईडी मिलेगी।
मतगणना कर्मी को दिखानी होगी यूनिक आईडी
सेल्फ जनगणना का समय 21 मई को पूरा होगा। इसके बाद अगले चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक चलेगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे। जनगणना कार्य कर रहे सरकारी कर्मचारी को परिवार का सदस्य सेल्फ जनगणना के समय मिली यूनिक आईडी दिखाएगा। जनगणना प्रगणक परिवार द्वारा भरी गई जानकारी का सत्यापन करने के बाद उसे ओके कर देंगे। इस तरह सम्बंधित परिवार की गणना पूरी मानी जाएगी।
माननीयों ने सेल्फ जनगणना पूरी की, अब आपकी बारी
सेल्फ गणना की शुरूआत होते ही कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासन ने जनजागरुकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें प्रदेश सरकार के मंत्री डा. अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, विधायक डा. राघवेन्द्र शर्मा, डा. डी.सी. वर्मा, संजीव अग्रवाल और ने स्वयं डिजिटल माध्यम से अपने परिवार की सेल्फ जनगणना पूरी करी। कार्यक्रम में प्रशासनिक अफसरों ने लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया के बारे विस्तार से जानकारी दी और सभी लोगों से अभियान में भागीदार बनने की अपील की। एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने बताया कि लोगों को प्रशासन सबको जागरूक करने में जुटा है, , ताकि अधिक से अधिक लोग स्वयं ऑनलाइन जनगणना कर सकेंगे।
जनगणना में जुटाए जा रहे हजारों हजार कर्मचारी
बरेली प्रशासन जिले में जनगणना कार्य को पूरा करने लिए हजारों कर्मचारी जुटा रहा हैं । इसमें शिक्षक व कर्मचारी प्रगणक की भूमिका निभाएंगे, जबकि अनुदेशक सुपरवाइजर का रोल पूरा करेंगे। सभी कर्मचारियों की फीडिंग डीएसटीओ, डीआईओ एनआईसी के जिम्मे है। कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। ड्यूटी की जानकारी कर्मचारी के मोबाइल पर पहुंचेगी। राष्ट्रीय महत्व इस कार्य को लेकर प्रशासन ने कर्मचारी-अधिकारियों को पहले ही चेता दिया है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर कोई कर्मचारी ड्यूटी से गायब हुआ तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन होगा।
