Moradabad:प्रदेश सरकार में बढ़ा मंडल का प्रतिनिधित्व, भूपेंद्र चौधरी फिर बने योगी के मंत्री
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश सरकार के कैबिनेट विस्तार में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में पहले भी मंत्री रहे भूपेंद्र सिंह चौधरी को भी शामिल किया गया है। इससे मुरादाबाद मंडल का प्रदेश सरकार के कैबिनेट में प्रतिनिधित्व बढ़ गया है। उन्हें मंत्री बनाए जाने पर जिले के भाजपा पदाधिकारियों, जन प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनके मंत्री बनने पर खुशी मनाई। एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि भूपेंद्र सिंह चौधरी का मंत्रिमंडल में शामिल होना मुरादाबाद ही नहीं बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। उनका संगठनात्मक अनुभव, संघर्षशील व्यक्तित्व एवं जनता के प्रति समर्पण प्रदेश सरकार को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश कुमार पाल और महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला सहित कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी लखनऊ में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने भी भूपेंद्र सिंह चौधरी को प्रदेश सरकार में मंत्री बनने पर बधाई दी।
खुशी जताने वालों में महानगर महामंत्री विशाल त्यागी, शम्मी भटनागर, अमित शर्मा, गेत्रपाल सिंह, आदेश चौधरी, सुनीता शर्मा, दीक्षांत चौधरी, अश्विनी शर्मा, कपिल गुप्ता, द्रोपा देवी, सुमित ठाकुर, बबलू श्रीवास्तव, सोमपाल प्रजापति, महेंद्र सिंह बब्बू, काशीष चौहान, पूर्णिमा खन्ना, सिमरन कौर, भरत टंडन, अर्चित गुप्ता सहित कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल रहे।
वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रांतीय परिषद के सदस्य निमित जायसवाल ने कहा कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी जमीन से जुड़े हैं। वह पूर्व में भाजपा जिलाध्यक्ष, विभाग संयोजक, क्षेत्रीय मंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष जैसे पदों पर रह चुके हैं, लेकिन आज भी वह सभी के बीच एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में रहते हैं और सभी उनसे स्नेह रखते हैं। उन्होंने सभी का सदैव मार्गदर्शन कर संगठन और सरकार हित में काम करने के लिए प्रेरित किया है। उनके फिर से कैबिनेट मंत्री बनने से मुरादाबाद मंडल के विकास कार्यों में और तेजी आएगी।
खुशी जताने वालों में वार्ड 47 के पार्षद और नगर निगम में पूर्व उप सभापति डॉ. गौरव श्रीवास्तव सहित भाजपा के अन्य पार्षद भी शामिल हैं। हालांकि इसके अलावा मुरादाबाद मंडल के जिलों के कई अन्य विधायकों को भी इस बार कैबिनेट विस्तार में अवसर मिलने की आस थी जो धरी रह गई। भूपेंद्र सिंह चौधरी के अलावा योगी सरकार में वर्तमान में मंत्री पद पर संभल जिले की चंदौसी विधानसभा की विधायक गुलाब देवी, रामपुर से बलदेव सिंह औलख आदि हैं। इससे मुरादाबाद मंडल का योगी कैबिनेट में प्रतिनिधित्व और बढ़ गया है।
पश्चिमी यूपी के प्रमुख जाट चेहरा हैं भूपेंद्र सिंह
भूपेंद्र सिंह चौधरी भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक प्रमुख जाट चेहरा हैं। वह मुरादाबाद के निवासी हैं। 2016 में वह पहली बार विधान परिषद सदस्य बने। वर्तमान में भी वह एमएलसी हैं। 2017 में प्रदेश के योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने पर उन्हें पंचायती राज विभाग में कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। उनकी सांगठनिक क्षमता को देखते हुए उन्हें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनाया गया था। कार्यकाल पूरा होने के बाद अब प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी पंकज चौधरी निभा रहे हैं।
यह है भूपेंद्र सिंह चौधरी का राजनीतिक सफर
: छात्र जीवन में विश्व हिंदू परिषद व राष्ट्रवादी संगठनों से जुड़कर सामाजिक व राजनीतिक सक्रियता शुरू की
:1991 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए
: 1913 में भाजपा जिला कार्यकारिणी में सदस्य बने
: 2006 में भाजपा के मुरादाबाद क्षेत्रीय मंत्री बने
: 2012 में भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए गए
: 10 जून 2016 को उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य निर्वाचित हुए
: 2017 में प्रदेश की योगी सरकार में पंचायती राज मंत्री बने
: 2022 में पुन: विधान परिषद सदस्य बने
: इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के यूपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे।
