बड़े मंगल पर हनुमान भक्ति में सराबोर हुई संगम नगरी, प्रयागराज में गूंजे जयकारे; हर ओर दिखा भक्ति और सेवा का संगम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में ज्येष्ठ माह के दूसरे 'बड़े मंगलवार' पर संगम नगरी हनुमान भक्ति में पूरी तरह सराबोर नजर आई। विश्व प्रसिद्ध श्री बड़े हनुमान मंदिर (लेटे हुए हनुमान जी) में तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीषण गर्मी के बावजूद भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था और पूरा मंदिर परिसर 'जय श्री राम' तथा 'जय हनुमान' के जयकारों से गूंज उठा। मंगलवार को मंगला आरती के साथ ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। संगम में आस्था की डुबकी लगाने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु सीधे बंधवा स्थित श्री बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे। 

श्रद्धालुओं ने बजरंगबली को तुलसी की माला, बेसन के लड्डू और चोला अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। मंदिर परिसर में जगह-जगह भक्त हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ करते दिखाई दिए। धार्मिक मान्यता है कि ज्येष्ठ माह के मंगलवार को हनुमान जी की आराधना करने से जीवन के बड़े से बड़े संकट दूर होते हैं और रोग-व्याधियों से मुक्ति मिलती है। 

मंदिर प्रशासन के अनुसार मंगलवार का मुख्य आकर्षण शाम को होने वाला 'भव्य दिव्य महाश्रृंगार' रहेगा। सुबह भगवान का फूलों और ऋतु फलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया, जबकि शाम को विशेष महाश्रृंगार के साथ छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे। ज्योतिषीय और आध्यात्मिक दृष्टि से भी इस दिन को अत्यंत शुभ माना जा रहा है। 

आरोग्य के देवता के रूप में पूजे जाने वाले लेटे हुए हनुमान जी के दर्शन के लिए प्रयागराज के अलावा आसपास के जिलों और अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा।

दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग और कतार व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति एवं अनुशासन के साथ दर्शन करने की अपील की है। शाम के भव्य श्रृंगार को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें:
मध्य पूर्व संकट पर मायावती ने जाहिर की चिंता, केंद्र और राज्य सरकारों से आम जनता को बचाने की अपील

संबंधित समाचार