यूपी में 27.94 लाख मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध, किसानों को समय पर मिल रही आपूर्ति
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश सरकार ने खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की है। वर्तमान में प्रदेश में कुल 27.94 लाख मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.13 लाख मीट्रिक टन अधिक है। उपलब्ध उर्वरकों में 13.28 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 5.23 लाख मीट्रिक टन डीएपी, 4.81 लाख मीट्रिक टन एनपीके, 3.69 लाख मीट्रिक टन एसएसपी और 0.93 लाख मीट्रिक टन एमओपी शामिल हैं।
प्रदेश सरकार किसानों को अनुदान पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कृषि विभाग ने बताया कि रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से उर्वरकों की निरंतर आपूर्ति कराई जा रही है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उर्वरकों के दुरुपयोग और कालाबाजारी को रोकने के लिए सरकार ने नया प्रावधान लागू किया है। अब अनुदानित उर्वरकों की बिक्री केवल किसान पहचान पत्र (फार्मर आईडी) और जोत संबंधी अभिलेखों के आधार पर ही की जाएगी। साथ ही उर्वरकों के साथ किसी अन्य उत्पाद की टैगिंग को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे संतुलित मात्रा में ही उर्वरकों की खरीद और उपयोग करें। विभाग के अनुसार प्रति हेक्टेयर अधिकतम पांच बोरी डीएपी और सात बोरी यूरिया ही खरीदी जाए। किसानों को अनावश्यक भंडारण से बचने की सलाह भी दी गई है, क्योंकि नमी और हवा के संपर्क में आने से उर्वरकों की गुणवत्ता प्रभावित होती है।
