Mathura News : दलितों की बारात पर पथराव से बवाल, दो पक्षों में पत्थरबाजी, महिला घायल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में दलित समुदाय के दो भाइयों की बारात पर कथित पथराव के बाद बुधवार देर रात तनाव फैल गया। घटना के बाद दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाजी और मारपीट हुई, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बृहस्पतिवार को बताया कि इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, राजमार्ग थाना क्षेत्र के नरहौली गांव में दो भाइयों की बारात जा रही थी।

आरोप है कि बारात जैसे ही सवर्ण बहुल इलाके में पहुंची, कुछ युवकों ने छतों से पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस अधीक्षक (नगर) राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पत्थरबाजी में 70 वर्षीय संतोषी नामक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सिंह ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पथराव में शामिल पांच लोगों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हल्का बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को तितर-बितर किया।

पुलिस की मौजूदगी में बाद में विवाह समारोह शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया। घटना बुधवार मध्य रात्रि उस समय हुई, जब नरहौली गांव निवासी गुल्ला की बेटियों लक्ष्मी और पूनम की शादी गोवर्धन क्षेत्र के भरनाकलां निवासी अशोक और कुलदीप से हो रही थी।

बारात आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित भरतपुर तिराहे से गांव की ओर बढ़ रही थी। दूल्हों के चाचा भगवान दास ने आरोप लगाया कि बारात के सवर्ण इलाके में पहुंचते ही छतों से पथराव शुरू हो गया। वहीं, दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ बारातियों ने मिठाई की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की। दुल्हनों के भाई नाहर सिंह का आरोप है कि हमलावरों ने उनके घर में घुसकर दहेज का सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सीपी सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देश पर कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात पर नियंत्रण पाया। पुलिस के अनुसार, इलाके में फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। 

संबंधित समाचार