बाराबंकी : नौचंदी मेले में शीतल पेयजल व मिष्ठान की व्यवस्था, भीषण गर्मी में जायरीनों को मिली राहत
बाराबंकी, अमृत विचार। इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप ने आम जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। तापमान बढ़ने से लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में गुरुवार को कस्बा देवा स्थित हाजी वारिस अली शाह की मजार पर आयोजित मासिक नौचंदी मेले में आने वाले जायरीनों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पंचायत देवा के सफाई नायक सोहन बाल्मीकि ने सराहनीय पहल की।
गुरुवार को नौचंदी मेले के दौरान मजार रोड पर सोहन बाल्मीकि द्वारा जायरीनों के लिए मिष्ठान के साथ शीतल पेयजल की विशेष व्यवस्था कराई गई। भीषण गर्मी के कारण दूर-दराज से आने वाले जायरीन प्यास और उमस से परेशान दिखाई दे रहे थे, ऐसे में ठंडे पेयजल की व्यवस्था उनके लिए राहत का कारण बनी।
बड़ी संख्या में लोगों ने रुककर पानी ग्रहण किया और व्यवस्था की सराहना की सोहन बाल्मीकि ने कहा कि भीषण गर्मी में मजार पर आने वाले जायरीनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। मेले में पहुंचे लोगों ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे मानव सेवा का अच्छा उदाहरण बताया। नौचंदी मेले में हर माह बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं, ऐसे में गर्मी को देखते हुए की गई यह व्यवस्था लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित हुई।
ये भी पढ़ें :
Invest UP : सीएम योगी की हाई-लेवल बैठक, यूपी में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0 की तैयारी तेज, 7 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
