UPSC Prelims 2026 : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच देशभर में यूपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा जारी, एग्जाम को लेकर उत्साहित नजर आए अभ्यर्थी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) रविवार को सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (CSE Prelims) 2026 आयोजित कर रहा है। इस बार लगभग 8,19,372 उम्मीदवार 933 विभिन्न सिविल सेवा पदों के लिए परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा दो पालियों में ऑफलाइन (OMR शीट) मोड में हो रही है। जनरल स्टडीज पेपर-I सुबह 9:30 बजे शुरू हुआ, जबकि CSAT (पेपर-II) दोपहर में आयोजित होगा।

उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर ई-एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी और वैध फोटो आईडी साथ लाना अनिवार्य है। परीक्षा के निष्पक्ष और सुचारू आयोजन के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी निगरानी, मोबाइल जैमर और गहन चेकिंग के साथ बायोमेट्रिक व रेटिना स्कैन जैसी व्यवस्थाएं भी कई केंद्रों पर लागू हैं।

अभ्यर्थियों की प्रतिक्रिया

नई दिल्ली के पुष्प विहार स्थित केंद्रीय विद्यालय में परीक्षा देने पहुंचे एक अभ्यर्थी ने कहा, “मैं थोड़ा घबराया हुआ हूं, लेकिन तैयारी अच्छी की है। उम्मीद है कि अच्छा प्रदर्शन करूंगा।”  प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) में एक अन्य उम्मीदवार ने बताया, “तैयारी की कोई तय सीमा नहीं होती, हम लगातार तैयारी करते रहते हैं। केंद्र पर सुरक्षा और व्यवस्थाएं बेहतर हैं।” 

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 21 परीक्षा केंद्रों पर करीब 6,652 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा केंद्र प्रभारी और एसडीएम विनोद सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर आठ रूट इंचार्ज नियुक्त किए गए हैं, जो प्रश्न-पत्रों की सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित कर रहे हैं। अभ्यर्थी परीक्षा को लेकर उत्साहित नजर आए और उन्होंने बेहतर परिणाम की उम्मीद जताई।

संबंधित समाचार