Nursing Entrance Exam : NEET विवाद के बाद नर्सिंग प्रवेश परीक्षा को लेकर हाई अलर्ट, एसटीएफ-साइबर सेल की रहेगी पैनी नजर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने बताया कि अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। प्रदेश के 20 जिलों में कुल 307 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1:20 बजे तक आयोजित होगी।

लखनऊ, अमृत विचार। नीट-यूजी पेपर लीक प्रकरण के बाद अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी ने नर्सिंग प्रवेश परीक्षा की सुरक्षा को लेकर चौकसी और बढ़ा दी है। 6 जून को आयोजित होने वाली बीएससी और एमएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा (सीनेट) की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने खुफिया विभाग, एसटीएफ और साइबर क्राइम ब्रांच से सहयोग मांगा है।

प्रदेश के सरकारी और निजी नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली इस परीक्षा में बीएससी नर्सिंग की करीब 14 हजार सीटों के लिए 1,48,268 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यानी प्रत्येक सीट के लिए लगभग 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने बताया कि अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। प्रदेश के 20 जिलों में कुल 307 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1:20 बजे तक आयोजित होगी।

उन्होंने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, साइबर सेल, एसटीएफ समेत विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग लिया जा रहा है। खुफिया विभाग को भी लगातार निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. देवाशीष शुक्ला ने स्पष्ट किया कि पेपर लीक, फर्जी सूचना, भ्रामक खबरों या सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने के मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक प्रचार से बचें।

इन 20 जिलों में होगी परीक्षा

आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बांदा, बरेली, बस्ती, गाजियाबाद, गोंडा, गोरखपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर, वाराणसी और गौतमबुद्ध नगर में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

संबंधित समाचार