Barabanki News : राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने किया श्रमदान, गौशाला में किया पौधारोपण

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून 2026 तक चल रहे विशेष जन-जागरूकता एवं जनकल्याण अभियान के तहत सोमवार को जनपद में स्वच्छता, जनसंवाद, जनसमस्या निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून 2026 तक चल रहे विशेष जन-जागरूकता एवं जनकल्याण अभियान के तहत सोमवार को जनपद में स्वच्छता, जनसंवाद, जनसमस्या निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सतीश शर्मा ने श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सनौली के गड़रियन पुरवा स्थित मंदिर परिसर में राज्य मंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति सतीश चन्द्र शर्मा ने स्वच्छता अभियान में भाग लेकर साफ-सफाई की और श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसी दौरान सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जनसमस्या समाधान शिविर लगाया गया, जिसमें ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

मंत्री ने गौशाला परिसर में किया पौधारोपण

मंत्री ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वास्थ्य और पर्यावरण के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और इसे जनआंदोलन बनाने की अपील की। इसी क्रम में ग्राम पंचायत कंधईपुर स्थित वृहद गौशाला परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। मंत्री ने गौवंश को हरा चारा, गुड़ और केला खिलाया तथा केयरटेकर को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित भविष्य का संकल्प है।

नगर पालिका परिषद नवाबगंज के वाल्मीकि नगर मलिन बस्ती क्षेत्र में विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह के नेतृत्व और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष शीला सिंह की अध्यक्षता में बृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान कूड़ा निस्तारण, साफ-सफाई और स्वच्छता के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया।

साथ ही पार्क में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सरकार की योजनाओं, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की जानकारी दी गई। यहां पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों ने लोगों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद संजय शुक्ल सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नगर निकाय कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

संबंधित समाचार