FIFA World Cup 2026 : लखनऊ पर चढ़ा फुटबॉल का खुमार, Messi-Mbappe का जादू देखने को बेताब फुटबॉल प्रेमी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-उद्घाटन मुकाबले से पहले राजधानी में उत्साह चरम पर, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने वर्ल्ड कप को बताया सीखने का बड़ा मंच

लखनऊ, अमृत विचार: दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेल फुटबॉल के सबसे बड़े आयोजन फीफा वर्ल्ड कप-26 के आगाज से पहले राजधानी में उत्साह चरम पर पहुंच गया है। उद्घाटन मुकाबले की घड़ी जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे फुटबॉल प्रेमियों, प्रशिक्षु खिलाड़ियों और पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ियों की उत्सुकता भी बढ़ती जा रही है। शहर के मैदानों, खेल अकादमियों और खेल सामग्री की दुकानों पर इन दिनों वर्ल्ड कप की चर्चा प्रमुख विषय बनी हुई है। 

फुटबॉल प्रशंसक दिग्गज खिलाड़ियों लियोनेल मेसी, किलियन एम्बाप्पे, विनिसियस जूनियर, हैरी केन और जूड बेलिंघम जैसे सितारों का प्रदर्शन देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। कई खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने टूर्नामेंट के दौरान अपनी यात्राएं स्थगित कर दी हैं, जबकि कुछ ने महत्वपूर्ण मुकाबलों को देखने के लिए पहले से छुट्टियां भी ले रखी हैं। 

शहर में फुटबॉल का जुनून इस कदर देखने को मिल रहा है कि खेल सामग्री की दुकानों पर मेसी और एम्बाप्पे की जर्सियों की मांग सबसे अधिक है। युवाओं ने दोस्तों के साथ मैच देखने के लिए विशेष ग्रुप बनाए हैं और कई फुटबॉल प्रेमियों ने बेहतर अनुभव के लिए नए टीवी और साउंड सिस्टम तक खरीदे हैं। फुटबॉल प्रशिक्षकों का कहना है कि वर्ल्ड कप केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए सीखने का भी सबसे बड़ा अवसर है। 

दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस, रणनीति और मानसिक मजबूती को देखकर युवा खिलाड़ी अपने खेल को नई दिशा दे सकते हैं। लखनऊ फुटबॉल संघ के सचिव कन्हैया लाल ने बताया कि राजधानी की फुटबॉल विरासत काफी समृद्ध रही है।

शहर के अनेक खिलाड़ी संतोष ट्रॉफी, जूनियर इंडिया, सीनियर नेशनल और अन्य राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। महिला फुटबॉल में भी लखनऊ की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि शहर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और ऐसे बड़े टूर्नामेंट युवाओं को प्रेरित करने का काम करते हैं।

रात में होंगे अधिकांश मुकाबले, फिर भी कम नहीं उत्साह

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन पहली बार तीन देशों अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में हो रहा है। इस बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी और 39 दिनों में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय समयानुसार अधिकांश मैच देर रात और तड़के सुबह होंगे। बावजूद इसके, फुटबॉल प्रेमी अपनी पसंदीदा टीमों और खिलाड़ियों का समर्थन करने के लिए रात भर जागने की तैयारी कर चुके हैं।

फीफा वर्ल्ड कप फुटबॉल का सबसे बड़ा मंच है। हम सभी मेसी और अन्य दिग्गज खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं।-सुजात अली, संतोष ट्रॉफी खिलाड़ी

वर्ल्ड कप केवल मैच नहीं, बल्कि फुटबॉल का उत्सव है। हर खिलाड़ी इससे कुछ न कुछ सीखता है।-जायना

मैं खास तौर पर युवा खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस देखने के लिए उत्सुक हूं। यह भविष्य के सितारों को पहचानने का मंच है।-अवीश श्रीवास्तव

फीफा विश्व कप 2026 में कितनी टीमें खेलेंगी?

फीफा विश्व कप 2026 में रिकॉर्ड 48 टीमें खेलेंगी। यह पिछले संस्करण की तुलना में 16 अधिक है। 

फीफा विश्व कप 2026 में खेलने वाली टीमें हैं:

Group A:  Mexico,  South Korea,  South Africa,  Czechia
Group B:  Canada,  Bosnia & Herzegovina, Qatar,   Switzerland
Group C:  Brazil,  Morocco,  Haiti,  Scotland
Group D: United States,  Paraguay,  Australia,   Türkiye
Group E:  Germany,  Côte d’Ivoire,  Ecuador,  Curaçao
Group F:  Netherlands, Japan,  Sweden,   Tunisia
Group G:  Belgium,  Egypt, IR Iran, New Zealand  
Group H:   Spain, Uruguay,   Saudi Arabia,  Cabo Verde
Group I:   France, Senegal, Norway,   Iraq
Group J:  Argentina,  Algeria,  Jordan Austria, 
Group K:  Portugal,  Colombia, Uzbekistan,  DR Congo
Group L: England,  Croatia,  Ghana, Panama
ये भी पढ़ें  : 
IND A vs AFG A: अफगानिस्तान ए ने टॉस जीतकर भारत ए को दिया बल्लेबाजी का न्यौता, पिच पर दिखेगी नमी

 

 

 

संबंधित समाचार