अब हर कंप्यूटर बनेगा एआई का पावर हाउस
एआई चिप्स के क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई में नया मोर्चा खुल गया है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग के दौर में दिग्गज अमेरिकी सेमीकंडक्टर कंपनी एनवीडिया ने घोषणा की है कि उसकी ‘सुपरचिप’ आरटीएक्स स्पार्क इसी साल लॉन्च कर दी जाएगी। यह चिप कंप्यूटर के इस्तेमाल का तरीका बदल देगी। इस चिप को लगाने के बाद कंप्यूटर के इस्तेमाल में माउस और की-बोर्ड की जरूरत नहीं पड़ेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह चिप आने वाले वर्षों में एआई को आम लोगों तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाएगी। इस तरह आरटीएक्स स्पार्क सिर्फ एक नई चिप नहीं है, बल्कि “पर्सनल एआई कंप्यूटिंग” की शुरुआत है। जिस तरह स्मार्टफोन ने संचार की दुनिया बदली थी, उसी तरह यह तकनीक कंप्यूटर को एक पर्सनल एआई सहायक में बदल देगी। इसे आईफोन, चैटजीपीटी और डीपसीक के आगमन की तरह ही देखा जा रहा है, जिसके चलते भविष्य में तेज, स्मार्ट और अधिक सक्षम कंप्यूटरों की नई पीढ़ी इसी तरह की चिप्स पर आधारित होंगी। माना जा रहा है कि डेल, लेनोवो, आसुस और एचपी सहित अन्य कंप्यूटर निर्माता कंपनियां माइक्रोसॉफ्ट के विंडोज सॉफ्टवेयर के साथ इस सुपर चिप का उपयोग करेंगी।
कंप्यूटर बन जाएगा आपका पर्सनल असिस्टेंट
अभी तक आप कंप्यूटर में ऐप खोलते थे और माउस-कीबोर्ड से टाइप या क्लिक करते थे। लेकिन इस सुपरचिप के साथ आपके कंप्यूटर में पर्सनल एआई असिस्टेंट होंगे। आप बस बोलकर या लिखकर अपना काम बताएंगे और कंप्यूटर आपके निर्देश के अनुसार खुद ही सारे काम जैसे निर्णय लेना या टास्क पूरा करना आदि करेगा। कंपनी का कहना है कि वह सृजन और गेमिंग के लिए पर्सनल कंप्यूटर को पूरी तरह से नया रूप देगी। चिप के जरिए इसमें एक स्वायत्त एआई एजेंट होगा, एक ऐसा एजेंट जो आपकी मदद करेगा, जो आपको समझता होगा, यहां तक कि आप उससे बात कर सकेंगे। वह आपको देख सकेगा। आप उससे फाइलें पढ़ने, शोध में मदद करने के लिए कह सकेंगे। वह और भी बहुत कुछ कर सकने में सक्षम होगा।
क्लाउड सर्वर या बड़े डाटा सेंटरों पर निर्भरता के बिना चलेगा एआई मॉडल
आरटीएक्स स्पार्क को खासतौर पर ऐसे कंप्यूटरों के लिए तैयार किया गया है जो सीधे अपने सिस्टम में एआई मॉडल चला सकें। अभी तक जटिल एआई कार्यों के लिए क्लाउड सर्वर या बड़े डाटा सेंटरों पर निर्भर रहना पड़ता है, लेकिन इस नई तकनीक की मदद से कई काम लोकल मशीन पर ही किए जा सकेंगे। इसके लिए आरटीएक्स स्पार्क में एनवीडिया की उन्नत ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (जीपीयू) और एआई प्रोसेसिंग तकनीक का संयोजन किया गया है। यह चिप बड़े पैमाने पर डाटा को तेजी से प्रोसेस कर सकती है। इसके जरिए टेक्स्ट तैयार करना, तस्वीर बनाना, वीडियो एडिटिंग, कोडिंग, थ्री-डी डिजाइनिंग और वैज्ञानिक गणनाएं पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज और आसान हो जाएंगी।
छात्रों, शोधकर्ताओं, इंजीनियरों, कंटेंट क्रिएटर्स, व गेम डेवलपर्स को बड़ा लाभ
इस सुपर चिप से सबसे बड़ा फायदा गति और दक्षता का होगा। एआई आधारित कार्यों में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा। क्लाउड पर निर्भरता घटने से इंटरनेट की जरूरत भी कम पड़ेगी और संवेदनशील डाटा स्थानीय कंप्यूटर में ही सुरक्षित रखा जा सकेगा। छात्र, शोधकर्ता, इंजीनियरों कंटेंट क्रिएटर्स, फिल्म निर्माता और गेम डेवलपर्स को इसका विशेष लाभ मिलेगा। छोटे व्यवसाय भी महंगे सर्वरों पर खर्च किए बिना उन्नत एआई टूल्स का उपयोग कर सकेंगे।
इस साल के अंत तक बाजार में प्रमुख ब्रांड्स उतार देंगे लैपटाप
एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग का कहना है कि एनवीडिया और माइक्रोसॉफ्ट के बीच तीन साल के सहयोग के बाद तैयार आरटीएक्स स्पार्क चिप एआई युग के लिए "पीसी को फिर से परिभाषित" करेगी। यह एआई सुपरचिप का अनावरण किया है। यह चिप 1 पेटाफ्लॉप तक की एआई परफॉरमेंस देती है और इसमें 128GB तक की यूनिफाइड मेमोरी है। यह बिना क्लाउड या डेटा सेंटर पर निर्भर रहे, 120-बिलियन पैरामीटर वाले एआई मॉडल को सीधे आपके लैपटॉप पर चलाने में सक्षम है। हार्डवेयर के मामले में यह एक आर्म आधारित सीपीयू और ब्लैकवेल आर्किटेक्चर पर आधारित आरटीएक्स जीपीयू का कॉम्बिनेशन है। एनवीडिया के अनुसार, आरटीएक्स स्पार्क चिप वाले लैपटॉप और छोटे डेस्कटॉप कंप्यूटर प्रमुख ब्रांड्स जैसे डेल, एचपी और लेनोवो द्वारा इस साल के अंत तक बाजार में उतार दिए जाएंगे।
सुपर चिप की ताकत से हल्के और पतले भी बने रहेंगे कंप्यूटर
ताइवान की मीडियाटेक की मदद से विकसित, माइक्रोप्रोसेसर और ग्राफिक्स चिप के संयोजन से बना यह सिस्टम, क्लाउड कंप्यूटिंग पर निर्भर रहने के बजाय स्थानीय रूप से एआई एजेंटों को चलाने के लिए डिजाइन किया गया है। इस चिप की अत्यधिक ताकत के कारण कंप्यूटर पतले और हल्के भी बने रहेंगे।आरटीएक्स स्पार्क का उद्देश्य पारंपरिक ऐप केंद्रित पीसी को एक वास्तविक उपयोगी एजेंटिक एआई पर्सनल कंप्यूटर में बदलना है। अनुमान है कि आने वाले वर्षों में यह हर घर में मौजूद होगा। आरटीएक्स स्पार्क के आने से इंटेल, एएमडी और क्वालकॉम जैसी चिप कंपनियों के सामने प्रतिस्पर्धा और बढ़ सकती है। साथ ही, केवल क्लाउड आधारित एआई सेवाएं देने वाली कंपनियों को भी नई रणनीति बनानी पड़ सकती है, क्योंकि अधिकतर उपयोगकर्ता तमाम एआई कार्य सीधे अपने कंप्यूटर पर करना पसंद कर सकते हैं।
