Ayodhya Ram Mandir: चंपत राय और अनिल मिश्रा ने दिया इस्तीफा, ट्रस्ट बोला- 'सत्य का सूर्य जरूर चमकेगा'
अयोध्याः राम मंदिर ट्रस्ट में चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया है। दान से जुड़ी कथित चोरी के मामले के बीच ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। इस पुष्टि को ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविन्ददेव गिरि ने स्पष्ट किया है।
इसके साथ ही ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा ने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया है, जिससे ट्रस्ट के भीतर हलचल और बढ़ गई है।
राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि हाल के दिनों में सामने आई घटनाओं से ट्रस्ट गहराई से आहत है। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि प्राप्त सभी इस्तीफों को आगामी बैठक में विचार के लिए रखा जाएगा।
ट्रस्ट ने यह भी भरोसा दिलाया है कि भक्तों द्वारा अर्पित की गई चांदी की ईंटें और आभूषण जैसी वस्तुएं सुरक्षित हैं और उनका पूरा हिसाब रखा गया है।
दानपात्र से जुड़े मामले में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित SIT की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर FIR दर्ज की गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
ट्रस्ट ने अपने बयान में कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे और दोषियों को कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाने के लिए वह प्रतिबद्ध है। साथ ही ट्रस्ट ने अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों से बचा जाए।
इस बीच, समाजवादी पार्टी के नेता Akhilesh Yadav ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को प्रभु राम माफ नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चोरी की बात को स्वीकार किया है और यह मामला धन को प्राथमिकता देने का संकेत देता है।
यह भी पढ़ेंः Ram Mandir Donation Case: राम मंदिर चंदा मामले में कार्रवाई तेज, जानें क्या बोले महंत शशिकांत दास
