उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत दिल्ली एम्स में भर्ती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नयी दिल्ली/देहरादून। कोरोना वायरस से संक्रमित उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को सोमवार को फेफड़ों में हल्के संक्रमण के चलते परीक्षण के लिए दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। नयी दिल्ली में सूत्रों ने बताया कि रावत को दोपहर करीब 12:30 बजे एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती …

नयी दिल्ली/देहरादून। कोरोना वायरस से संक्रमित उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को सोमवार को फेफड़ों में हल्के संक्रमण के चलते परीक्षण के लिए दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। नयी दिल्ली में सूत्रों ने बताया कि रावत को दोपहर करीब 12:30 बजे एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है जहां खास तौर से कोविड-19 मरीजों का उपचार किया जा रहा है।

सुबह देहरादून में सरकारी अधिकारी ने बताया था कि मुख्यमंत्री को चिकित्सकों की सलाह पर हेलीकॉप्टर से एम्स, दिल्ली भेजा गया है। हल्का बुखार आने के बाद रावत रविवार देर शाम जांच के लिए यहां सरकारी दून अस्पताल गए थे जहां चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर लिया था। उनके फेफड़ों में हल्का संक्रमण पाया गया जिसके बाद सुबह उन्हें दिल्ली एम्स ले जाया गया। मुख्यमंत्री के साथ उनके फीजिशियन डॉ एन. एस. बिष्ट भी दिल्ली गए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि एम्स में मुख्यमंत्री रावत के कुछ जरूरी टेस्ट किए गए हैं। हालांकि, अधिकारी ने देर शाम बताया कि मुख्यमंत्री रावत का स्वास्थ्य ठीक है और रात में उनके बुखार में भी कमी आई है। उन्होंने कहा, ”उनके फीजियशन डॉ बिष्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य सामान्य है। उनके फेफड़ों में हल्का संक्रमण है।” इससे पहले, 18 दिसंबर को मुख्यमंत्री रावत के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी जिसके बाद उन्होंने खुद को गृहपृथक-वास में रखा था। रावत के साथ उनकी पत्नी और पुत्री भी कोविड-19 से ग्रस्त हुए थे।

अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष ने लिया त्रिवेंद्र सिंह का हालचाल
प्रयागराज। साधु संतों की जानीमानी संस्था अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेन्द्र गिरी ने सोमवार सुबह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का कुशलक्षेम टेलीफोन से जाना। महंत गिरी ने कहा कि सभी साधु संतों की ओर से ईश्वर से उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। उन्होंने कहा की हनुमान जी, भगवान शंकर और चारों धामों के देवताओं से साधु संत रावत के जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना कर रहे हैं। महंत ने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जल्द स्वस्थ होकर फिर से कामकाज पर लौटेंगे जिससे उनके मार्गदर्शन में हरिद्वार महाकुंभ 2021 का विधिवत आयोजन हो सके।

संबंधित समाचार