Barabanki News : वृद्ध का शव रखकर प्रदर्शन, सीओ पर मढ़े आरोप, जानें पूरा मामला
नामजद आरोपी की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन
हैदरगढ़, बाराबंकी: अमृत विचार। मेड़ विवाद को लेकर हुए संघर्ष में मारे गए भगवानदीन का शव गुरुवार दोपहर गांव पहुंचते ही परिजनों का आक्रोश भड़क उठा। परिजनों ने शव घर के बाहर रखकर प्रदर्शन किया और सीओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने तथा नामजद आरोपित पूर्व प्रधान पिंटू सिंह की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार न करने की बात कही।
बताते चलें कि क्षेत्र के ग्राम बरावां के मजरे पूरे मेहरबान में प्रधानी चुनाव को लेकर चल रही रंजिश व मेड़ के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडे चले थे। घटना में गंभीर रूप से घायल वृद्ध भगवानदीन की सीएचसी में मौत हो गई। तनाव तो चरम पर रहा ही, वहीं गंभीर आरोप सीओ हैदरगढ़ व पूर्व प्रधान पर भी लगे। उधर गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद वृद्ध का शव गांव पहुंचा तो आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने घर के बाहर शव रखकर प्रदर्शन शुरु कर दिया।

सूचना पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार पांडेय, लोनीकटरा थाना प्रभारी अभिमन्यु मल्ल सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक चली बातचीत के बाद वर्तमान प्रधान प्रतिनिधि बृजेश सिंह और पूर्व प्रधान रामकुमार सिंह के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ, जिसके बाद प्रशासन की मौजूदगी में वृद्ध भगवानदीन का अंतिम संस्कार कराया गया।
इस दौरान पूर्व विधायक राममगन रावत, जिला पंचायत सदस्य धीरज यादव, महादेव पाठक, अधिवक्ता बृजेंद्र प्रताप सिंह 'बिज्जू' भी मौजूद रहे। पुलिस ने मामले में 13 लोगों के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि फरार अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
