Sultanpur News: खेत की ओर जा रहे युवक पर चाकू और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला, दो नामजद आरोपियों पर केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

सुलतानपुर, अमृत विचार: देहात कोतवाली क्षेत्र के ऊंचहरा गांव में सोमवार दोपहर खेत की ओर जा रहे एक युवक पर दो लोगों ने चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

ऊंचहरा गांव निवासी प्रफुल्ल पाठक खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही विष्णु सिंह और आदर्श सिंह से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। घायल प्रफुल्ल पाठक थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर दोनों आरोपियों को नामजद किया। उन्होंने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया।

देहात कोतवाली प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आपसी कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ, जिसमें चाकूबाजी की घटना सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  : 
 
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा एलान, 'गौहत्या बंद होने तक जारी रहेगा धर्मयुद्ध'

संबंधित समाचार