पत्नी ने खोला राज... रायबरेली में दो बच्चों को जहर देने वाला पिता सलाखों के पीछे
रायबरेली, अमृत विचार : हरचंदपुर थाना क्षेत्र में एक पिता द्वारा अपने ही दो मासूम बच्चों की जान लेने का प्रयास किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
थाना हरचंदपुर क्षेत्र के ग्राम गुनावर कमंगलपुर निवासी सोहिनी पत्नी सुरेश पासी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उसका पति सुरेश पासी शराब के नशे का आदी है और आए दिन उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट करता है। सोमवार तड़के करीब चार बजे वह घर में भोजन बनाकर धान की रोपाई के लिए खेत चली गई थी। घर पर उसके पांच और छह वर्ष के दोनों पुत्र मौजूद थे। आरोप है कि महिला के खेत जाने के बाद सुरेश पासी ने बच्चों के खाने में कीटनाशक मिला दिया। भोजन करने के कुछ देर बाद दोनों बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरचंदपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच में भोजन में कीटनाशक होने की आशंका जताई। समय रहते उपचार मिलने से दोनों बच्चों की हालत अब सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर हरचंदपुर थाने में आरोपी सुरेश पासी के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार 7 जुलाई को हरचंदपुर पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर नामजद आरोपी सुरेश पासी पुत्र स्वर्गीय देवतादीन निवासी ग्राम गुनावर कमंगलपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
