नैनीताल में इस बार नहीं होगा नए साल का जश्न

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल में अबकि बार थर्टी फर्स्ट और नए साल का जश्न नहीं होगा। कोरोना महामारी के दौर में संक्रमण रोकने के लिए जिला प्रशासन ने नैनीताल के होटलों में डीजे, म्यूजिक बजाने व पार्टी करने की अनुमति नहीं दी है हालांकि पर्यटकों की आवाजाही पर कोई पाबंदी नहीं है। नैनीताल में नए …

नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल में अबकि बार थर्टी फर्स्ट और नए साल का जश्न नहीं होगा। कोरोना महामारी के दौर में संक्रमण रोकने के लिए जिला प्रशासन ने नैनीताल के होटलों में डीजे, म्यूजिक बजाने व पार्टी करने की अनुमति नहीं दी है हालांकि पर्यटकों की आवाजाही पर कोई पाबंदी नहीं है।

नैनीताल में नए साल का बहुत ही धूमधाम से स्वागत किया जाता है। नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन पूरी माल रोड में बिजली की झालरों की सजावट और डीजे बजाती हैं। एक तरह से कहें तो माल रोड डिस्को फ्लोर बन जाती है। होटलों में म्यूजिकल नाइट, चेयर डांस, बोन फायर, गाला डिनर, डांस वगैरह भी होते हैं। नैनीताल की इस रौनक को देखने आसपास ही नहीं दूर दराज से हजारों लोग पहुंचते हैं।

इधर इस साल नैनीताल में नए साल का स्वागत नहीं किया जाएगा। कोरोना के नए स्वरूप स्ट्रेन और कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए होटलों को किसी भी प्रकार के आयोजन की अनुमति नहीं मिली है। इस बार माल रोड पर किसी भी प्रकार की बिजली झालर नहीं सजाई जाएगी न ही डीजे, म्यूजिक सिस्टम लगेंगे। इस वजह से होटलों में थर्टी फर्स्ट एवं नए साल के पैकेज नहीं बिक सके हैं। हालांकि प्रशासन ने पर्यटकों की आवाजाही पर कोई पाबंदी नहीं लगाई है। पर्यटक बेरोकटोक नैनीताल में घूम सकते हैं और कमरों में रह सकते हैं। बस आयोजन नहीं कर सकते हैं।

क्या कहते हैं होटल संचालक
नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश चंद्र साह ने कहा कि इस बार प्रशासन ने होटलों में किसी भी आयोजन के लिए अनुमति नहीं दी है। इस वजह से एसोसिएशन ने हर साल की तरह 29 दिसंबर से एक जनवरी तक माल रोड को नहीं सजाया है। नैनीताल में रौनक नहीं है। प्रशासन की सख्ती से पर्यटक भी नैनीताल नहीं पहुंच रहे हैं। अमूमन 30-31 दिसंबर को नैनीताल पैक रहता है लेकिन इस साल अभी तक होटल खाली हैं। होटल संचालकों को बहुत जबदरस्त आर्थिक नुकसान हुआ है।

पर्यटकों का होगा एंटीजन टेस्ट
कोविड-19 टेस्ट के नोडल डॉ. अनिरूद्ध गंगोला ने बताया कि क्रिसमस से नए साल तक आने वाले पर्यटकों का कोविड-19 टेस्ट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें नारायण नगर, रूसी बाइपास और पाइंस में अभियान चलाकर पर्यटकों का एंटीजन/रैपिड टेस्ट करेंगी। जिस पर्यटक का तापमान थर्मल स्कैनिंग में ज्यादा आएगा उसकी जांच तो की जाएगी। इसके अलावा पर्यटकों रैंडम जांच भी होगी। जो पर्यटक पिछले 72 घंटे की कोविड-19 जांच रिपोर्ट लाएंगे उनकी जांच नहीं की जाएगी।

संबंधित समाचार