Sultanpur News : मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली बालिका, 4 घंटे तक मचा हड़कंप; गली में सोती मिली तो परिजनों की लौटी सांस
सुलतानपुर में मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली बालिका करीब चार घंटे बाद घर से कुछ दूरी पर एक गली में सोती मिली। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में चले सर्च ऑपरेशन के बाद बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
सुलतानपुर, अमृत विचारः मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली बालिका को लेकर परिजनों की सांसें अटक गईं। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के दलपत सहाय का पुरवा चोरमा गांव निवासी सुनील यादव की बेटी मानवी यादव मंगलवार शाम करीब सात बजे अचानक घर से निकल गई। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने रात करीब 11:40 बजे पुलिस को सूचना दी।
बालिका के लापता होने की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में गांव और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक चारू निगम, अपर पुलिस अधीक्षक वृज नारायण सिंह क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह तथा जयसिंहपुर और मोतिगरपुर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे।
चार घंटे बाद गली में मिली बालिका
पुलिस ने गांव और आसपास के रास्तों, गलियों व संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। करीब चार घंटे बाद बालिका घर से कुछ दूरी पर एक गली में सोती हुई मिली। पूछताछ में उसने बताया कि मां की डांट से नाराज होकर रोते हुए वहां पहुंची और सो गई थी। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद बालिका को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
