Rampur News :पहली पत्नी को तलाक दिए बिना की दूसरी शादी, थाने में भिड़ीं दोनों पत्नियां, 8 हिरासत में
स्वार थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की तीन महिलाओं समेत आठ लोगों को हिरासत में लेकर शांति भंग की कार्रवाई की
रामपुर की स्वार कोतवाली में मंगलवार को एक पति की दो पत्नियों के बीच जमकर हंगामा हुआ। बिना तलाक दूसरी शादी के इस मामले में पुलिस ने 8 लोगों का चालान किया है।
स्वार, अमृत विचार। बाजपुर क्षेत्र के युवक द्वारा पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी करने का मामला मंगलवार को स्वार कोतवाली में पहुंच गया। पुलिस दोनों पक्षों को समझौते के लिए कोतवाली लेकर आई, लेकिन मामला सुलझने के बजाय दोनों पत्नियां आपस में भिड़ गईं। पुलिस की मौजूदगी में काफी देर तक गाली गलौज और हंगामा होता रहा। बाद में पुलिस ने महिलाओं को समझाकर मामला शांत कराया और दोनों पक्षों की तीन महिलाओं समेत आठ लोगों को हिरासत में लेकर शांति भंग की कार्रवाई की है।
उत्तराखंड के बाजपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला संजय नगर निवासी गुलाम हुसैन ने करीब नौ वर्ष पूर्व अपनी बेटी शहनाज की शादी बाजपुर के गांव मुंडिया निवासी इरफान के साथ की थी। दंपती के दो बच्चे हैं। कुछ समय बाद पति पत्नी के बीच विवाद हो गया और मामला फैमिली कोर्ट पहुंच गया, जो अभी विचाराधीन है। इरफान ने पहली पत्नी को तलाक दिए बिना करीब एक वर्ष पूर्व स्वार कोतवाली क्षेत्र के गांव खौदकलां निवासी शवीना से दूसरी शादी कर ली। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और मामला स्वार कोतवाली पहुंचा।
मंगलवार को पुलिस ने इरफान और उसकी दोनों पत्नियों को कोतवाली बुलाकर मामले को समझौते से सुलझाने का प्रयास किया। बताया गया कि दोनों महिलाओं ने तलाक देने से साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों ने कोतवाली परिसर में ही हंगामा शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों महिलाओं को समझाकर शांत कराया। इसके बाद मामला शांत हो सका। पुलिस ने एक पक्ष के इरफान अली, शाकिर, शहनाज, एक अन्य और दूसरे पक्ष के दानिश, मुस्ताक, शबीना, बिस्मिल्लाह को हिरासत में लेकर शांति भंग में चालान किया है।
ये भी पढ़ें - Rampur News : कैबिनेट से मंजूरी को चार साल बीते, धरातल पर नहीं उतरा मेडिकल कॉलेज
