बरेली: दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे यात्री, ग्राम्य वन लुभाएगा मन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। नया साल 2021 में अटके हुए कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू होंगे। इससे शहर के लोगों को कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी। लोग दिल्ली समेत लखनऊ और प्रयागराज की हवाई उड़ान का भी मजा ले सकेंगे। शहर से कुछ दूर क्यारा ब्लॉक में प्रदेश के सबसे बड़े ग्राम्य वन की खूबसूरती का आनंद …

अमृत विचार, बरेली। नया साल 2021 में अटके हुए कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू होंगे। इससे शहर के लोगों को कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी। लोग दिल्ली समेत लखनऊ और प्रयागराज की हवाई उड़ान का भी मजा ले सकेंगे। शहर से कुछ दूर क्यारा ब्लॉक में प्रदेश के सबसे बड़े ग्राम्य वन की खूबसूरती का आनंद उठा सकेंगे।

ग्राम्य वन में सरोवर और उद्यान भी विकसित किया जाएगा। यह वन क्षेत्र बरेली के मानचित्र पर एक नए पर्यटन स्थल के रूप में उभरेगा। ग्रामीण युवाओं के लिए यह साल बेहतर रहेगा। मनरेगा के तहत प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम का निर्माण होगा। इसके साथ 10 खेल मैदान भी विकसित किये जाएंगे। हजारों लोगों को रोजगार भी मुहैया होगा। सौ दिन सौ उद्योग लगाने का अभियान भी 31 मार्च, 2021 तक जमीन पर उतर आएगा। इन सभी प्रोजेक्टों पर तेजी से काम कराया जा रहा है।

राजस्व ग्राम मंझा की बदलेगी तस्वीर, 150 हेक्टेयर में बनेगा ग्राम्य वन
तहसील सदर के क्यारा ब्लॉक के राजस्व ग्राम मंझा की तस्वीर बदलने वाली है। गांव के पास करीब 150 हेक्टेयर जमीन पर गाम्य वन विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि यह जमीन पूर्व में अतिक्रमणकारियों के कब्जे में थी। इसमें अतिक्रमणकारी खेती कर रहे थे। कुछ माह पूर्व तत्कालीन एसडीएम सदर आईएएस ईशान प्रताप सिंह ने पुलिस की मदद से जमीन खाली कराकर कब्जे में ली थी।

इस जमीन पर गाम्य वन विकसित करने के लिए कई विभागों के अधिकारियों को मौके पर भेजकर सर्वे कराया गया है। गुरुवार को कई अधिकारियों को मौके पर भेजा। इसमें वन विभाग का अहम रोल है। मनरेगा के साथ कई मदों में विभागों को मिलने वाली धनराशि से गााम्य वन विकसित करने की कार्ययोजना बनाई गई है। शहर से कुछ दूर स्थित राजस्व गांव मंझा में ग्राम्य वन पर्यटन की तरह विकसित किया जाएगा।

डीएम ने बताया कि इस ग्राम्य वन में अगले पांच वर्षों में 150 हेक्टेयर क्षेत्र में मियांवाकी पैटर्न समेत अन्य पैटर्न पर एक लाख 85 हजार पौधे रोपे जाएंगे। यहां सरोवर और उद्यान भी विकसित किया जाएगा। यह वन क्षेत्र जल्द ही बरेली के मानचित्र पर एक नए पर्यटन स्थल के रूप मे उभरेगा। कई अन्य तरह की अनोखी चीजें यहां नजर आएंगी जो लोगों को लुभाएंगी। जिलाधिकारी नए साल के पहले दिन यानि आज दोपहर 12:30 बजे जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रदेश के सबसे बड़े ग्राम्य वन का आरंभ करेंगे।

नई साल में दिल्ली-लखनऊ की उड़ान भरेंगे विमान
नए साल में सिविल एन्क्लेव से हवाई उड़ान शुरू हो जाएगी। दिल्ली-बरेली उड़ान का रूट पहले ही तय हो चुका है। हवाई उड़ान शुरू कराने के लिए एयरपोर्ट पर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों का प्रशिक्षण भी कराया जा चुका है। टर्मिनल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

एयर इंडिया की सहायक कंपनी एलाइंस एयर उड़ान शुरू कराएगी। दिसंबर, 2020 में ही कंपनी तय हो चुकी है। बरेली एयरपोर्ट के निदेशक राजीव कुलश्रेष्ठ ने बताया कि उड़ान शुरू कराने की तैयारी पूरी है। जनवरी में उड़ान शुरू होगी। चर्चा चल रही है कि 18 जनवरी को उड़ान शुरू हो सकती है। उन्होंने बताया कि पहले बरेली-दिल्ली हवाई सेवा शुरू होगी।

इसके बाद लखनऊ और प्रयागराज रूट पर इसी विमान की सेवा शुरू होगी या दूसरा उड़ान भरेगा। इसकी कोई जानकारी नहीं मिली है। बता दें कि एयरपोर्ट पर यात्रियों को स्थानीय परंपरागत उत्पाद, संस्कृति, इतिहास और जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए गैलरी भी बनाई जा रही है। इसमें पर्यटन, संस्कृति और उद्योग विभाग का सहयोग भी लिया जा रहा है।

एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत हस्तशिल्प, बांस, बेंत, सोना-चांदी कारीगरी, बांसुरी, पतंग, मांझा और जरी आदि शिल्प यात्रियों को अपनी ओर आकर्षित करेंगी। वर्ष 2020 में सालभर उड़ान शुरू होने की तारीखें लगती रहीं, लेकिन उड़ान शुरू नहीं हो सकी।

हजारों लोगों को रोजगार दिलाएगा सौ दिन सौ उद्योग अभियान
जिलाधिकारी नितीश कुमार ने जनपद में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ाकर लोगों को रोजगार दिलाने के लिए सौ दिन सौ उद्योग लगाने का अभियान शुरू किया है। दिसंबर, 2020 में अभियान की शुरूआत हो चुकी है। 31 मार्च, 2021 तक सौ उद्योग लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान के तहत 40 युवाओं ने उद्योग लगाने के लिए प्रस्ताव दिये हैं।

जिन पर उद्योग विभाग कार्य करा रहा है। उद्योगों की फाइलें पूरी होने में क्या-क्या दिक्कतें हो रही हैं, इनका निवारण के लिए प्रत्येक बुधवार को संयुक्त आयुक्त उद्योग ऋ षि रंजन गोयल अधिकारियों के साथ बैठक भी कर रहे हैं। बरेली विकास प्राधिकरण ने उद्योग लगाने के लिए पांच क्षेत्र चयनित किये हैं।

शहर के अंदर ईंट पजाया के पास और दिल्ली एवं नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे 1062.58 हेक्टेयर अनुमानित भूमि चयनित है। बीडीए की इस भूमि का लैंडयूज बदलवाने की जरूरत नहीं है। इसका नक्शा पर्याप्त है। बहेड़ी स्थित 230 एकड़ में फैले मेगा फूड पार्क में फरवरी के पहले सप्ताह से फूड की इकाइयां लगाने के लिए प्लॉट की बुकिंग शुरू हो जाएगी। मेगा फूड पार्क में 600 से लेकर 30 हजार वर्गमीटर के प्लॉट उपलब्ध हैं। भोजीपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में 40 प्लॉट खाली हैं।

प्रत्येक ब्लॉक में बनेंगे स्टेडियम, 200 स्कूलों का होगा सौंदर्यीकरण
गांवों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए 2021 में जनपद के प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम बनेगा। इसके साथ 10 खेल मैदान भी बनेंगे। स्टेडियम और खेल मैदान बनाने के लिए जमीनें चयनित कर ली गई हैं। इसके अलावा नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के 200 स्कूलों की तस्वीर भी बदलेगी। ऑपरेशन कायाकल्प की मुस्कान इन क्षेत्रों के स्कूलों पर भी पड़ेगी। जिलाधिकारी ने नए साल में इन स्कूलों का सौंदर्यीकरण कराने का खाका तैयार कर लिया है।

संबंधित समाचार