हल्द्वानी: बेकाबू डंपर ने बच्चे को कुचला, नशे में धुत चालक को पुलिस ने भीड़ से बमुश्किल बचाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,अमृत विचार। राजपुरा में गौला उपखनिज निकासी गेट के पास खेल रहे सात साल के बच्चे को एक बेकाबू डंपर ने कुचल दिया। हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्रवासी भड़क उठे। उन्होंने मौके पर पहुंची पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। डंपर पर पथराव के साथ ही …

हल्द्वानी,अमृत विचार। राजपुरा में गौला उपखनिज निकासी गेट के पास खेल रहे सात साल के बच्चे को एक बेकाबू डंपर ने कुचल दिया। हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्रवासी भड़क उठे। उन्होंने मौके पर पहुंची पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। डंपर पर पथराव के साथ ही आगजनी की कोशिश की। चालक शराब के नशे में धुत था।

हादसे के बाद वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग रहे चालक को क्षेत्रवासियों ने पीछा कर पकड़ लिया। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ के चंगुल से चालक को बमुश्किल बचाया। आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

सोमवार सुबह राजपुरा निवासी प्रमोद का बेटा नितिनजय (7) अपने साथियों के साथ घोड़ा बग्घी के लिए आरक्षित टनकपुर रोड गौला उपखनिज निकासी गेट के पास गुल्ली-डंडा खेलने गया था। इस बीच नदी में उपखनिज भरने पहुंचे डंपर संख्या यूपी 01/5731 ने उसे कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर चालक लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। बेकाबू डंपर को अपनी ओर आते देख गुल्ली-डंडा खेल रहे बच्चों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। लेकिन नितिनजय उसकी चपेट में आ गया।

डंपर चालक ने पहले सामने खड़े नितिनजय के पैर को अगले टायर से कुचला। बालक डंपर के नीचे आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने हल्ला मचाते हुए चालक को सावधान करने की कोशिश की। लेकिन बेपरवाह चालक ने इसके बावजूद डंपर नहीं रोका। नतीजतन डंपर का पिछला टायर बालक के सिर और शरीर के ऊपरी हिस्से में चढ़ गया। इस दर्दनाक हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद खुद को घिरता देख डंपर चालक वाहन छोड़ भाग निकला। लोगों ने गौला नदी के किनारे स्थित जंगल की ओर भाग रहे चालक को पीछाकर पकड़ लिया। नाराज लोगों ने चालक की जमकर धुनाई की। इधर, घटना का पता चलने पर मौके पर ढाई सौ लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर कोतवाल संजय कुमार, एसएसआइ मंगल सिंह, राजपुरा चौकी प्रभारी जितेंद्र सौराड़ी फोर्स समेत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गुस्साई भीड़ के चंगुल से चालक को बमुश्किल छुड़ाया।

लोगों के आक्रोश को देखते हुए बनभूलपुरा थाने के साथ ही भोटिया पड़ाव और मंगल पड़ाव चौकी से भी फोर्स बुला लिया गया। इधर गुस्साई भीड़ ने पुलिस की मौजूदगी में ही डंपर पर पथराव, तोड़फोड़ की और आग लगाने पर आमादा हो गई। उन्होंने पुलिस को मौके से शव नहीं उठाने दिया। कोतवाल ने हाथ जोड़ और काफी मान-मनुहार कर गुस्साई भीड़ को शांत किया। मृतक की मां पूजा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चालक कुंवर पाल निवासी शीशगढ़, बरेली के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया। आरोपी को कोर्ट पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

संबंधित समाचार