बरेली में कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन शुरू, इन जगहों पर लगाई जा रही वैक्सीन
बरेली, अमृत विचार। जिले के कई केंद्रों पर कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन चल रहा है। जिला अस्पताल सहित सभी केंद्रों पर लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा रही है। सीएमओ ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच वैक्सीन वेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वैक्सीन को रवाना करने से पहले सीएमओ और डीआईओ ने उसे …
बरेली, अमृत विचार। जिले के कई केंद्रों पर कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन चल रहा है। जिला अस्पताल सहित सभी केंद्रों पर लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा रही है। सीएमओ ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच वैक्सीन वेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वैक्सीन को रवाना करने से पहले सीएमओ और डीआईओ ने उसे चेक किया था। कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारियां सोमवार की रात में ही पूरी कर ली गई थी।

गौरतलब है कि ड्राई रन में किसी तरह की चूक न हो, इसलिए स्वास्थ्य महकमे के अधिकारियों ने एक दिन पहले सभी छह केंद्रों के स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण दे दिया था। स्वास्थ्यकर्मियों को बताया गया कि कोरोना वैक्सीन की पहली डोज के 28 दिन बाद दूसरी डोज लगेगी। इसलिए कोविन एप के साथ ही कार्ड पर इस तारीख को ध्यान से दर्ज करें।

वहीं, वैक्सीनेशन कराने पहुंचे लोगों को यह भी बताएं कि पहली डोज लगने के बाद ही इधर-उधर न घूमे। कोरोना वायरस से लड़ने के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने में समय लगता है। दोनों डोज लगने के बाद करीब 56 दिन पूरे एहतियात से रहें। तब तक कोविड गाइडलाइन का पालन करते रहें।

सीएमओ डॉ. एसके गर्ग ने बताया कि जिला महिला अस्पताल, राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज, रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज, एसआरएमएस, रामनगर पीएचसी और खुश्लोक अस्पताल में कोविड-19 वैक्सिनेशन के पहले मॉक ड्रिल की गई। सभी सेंटरों पर करीब 10:30 बजे से माक ड्रिल आरंभ हुई। सीएमओ ने बताया कि माक ड्रिल का उद्देश्य माइक्रोप्लान समझाना और कमियों को जानना था। कई सेंटरों पर कुछ खामियां मिली है जिन्हें दूर करने के लिए माइक्रोप्लान की जानकारी दोबारा शिविर के जरिए दी जाएगी।
