बरेली: भाजपा के वरिष्ठ नेता मुन्ना चौबे का 65 वर्ष की उम्र में निधन

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। भाजपा के वरिष्ठ नेता राजुलनाथ चौबे उर्फ मुन्ना चौबे का 65 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। सोमवार को दोपहर में उनका ब्लड प्रेशर हाई हो गया था तो उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां हालत में सुधार होने पर उन्हें सिविल लाइंस स्थित घर भेज …

अमृत विचार, बरेली। भाजपा के वरिष्ठ नेता राजुलनाथ चौबे उर्फ मुन्ना चौबे का 65 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। सोमवार को दोपहर में उनका ब्लड प्रेशर हाई हो गया था तो उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां हालत में सुधार होने पर उन्हें सिविल लाइंस स्थित घर भेज दिया गया। शाम 6 बजे के करीब उनका निधन हो गया। उनके निधन पर आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप, फरीदपुर विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल समेत राजनीतिक एवं तमाम लोगों ने उनके घर पर जाकर शोक संवेदना जताई।

मुन्ना चौबे पुरानी कांग्रेसी परिवार से थे। इनके पिता रामेश्वरनाथ चौबे जिले की सन्हा (अब बिथरी चैनपुर) विधानसभा से पांच बार के विधायक रहे। मुन्ना चौबे कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे लेकिन कांग्रेस के जमीनी आधार खोने के बाद वह कभी सपा तो कभी भाजपा में रहे। भाजपा में रहते हुए आंवला से मेनका गांधी को चुनाव लड़ाया, जिसमें वह जीतीं और सांसद बनीं।

मुन्ना चौबे ने बिथरी चैनपुर से इत्तेहाद-ए-मिल्ल्त काउंसिल (आईएमसी) से चुनाव लड़ा। हालांकि उन्हें अच्छे वोट मिले लेकिन वह जीत नहीं पाए। स्वास्थ्य कारणों की वजह से उन्होंने अपने बेटे शिवेंद्र नाथ चौबे उर्फ कुक्कू चौबे को राजनीति में उतारा था। वह भाजपा में हैं। मुन्ना चौबे ने युवावस्था से ही कांग्रेस का दामन थाम लिया था।

छात्र जीवन में वह बरेली छात्र संघ के अध्यक्ष 1977-78 में रहे। इसके बाद वह जिला युवक कांग्रेस में अध्यक्ष 1981 में बने। वर्ष 1985 में मंडलीय सचिव युवक कांग्रेस में रहे। वर्ष 1984 में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा। 1991 में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दो बार रहे। वह सहकारिता आंदोलन में भी सक्रिय रहे और जिला सहकारी बैंक के डायरेक्टर भी दो बार चुने गए।

मुन्ना चौबे के निधन पर कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला, आरटीआई एवं सोशल एक्टिविस्ट मुहम्मद खालिद जीलानी, एडवोकेट, भाजपा जिलाध्यक्ष बरेली पवन शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष वीरसिंह पाल, संतोष शर्मा, शिव प्रताप सिंह, नानकराम साहू समेत आदि ने घर जाकर शोक जताया।

संबंधित समाचार