काशीपुर: विवाहिता ने लगाई फांसी, हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर,अमृत विचार। आईटीआई थाना क्षेत्र के खड़कपुर देवीपुरा में देर रात एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। परिजनों को जैसे ही घटना की भनक लगी कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। जानकारी …

काशीपुर,अमृत विचार। आईटीआई थाना क्षेत्र के खड़कपुर देवीपुरा में देर रात एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। परिजनों को जैसे ही घटना की भनक लगी कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के मुताबिक आईटीआई थाना क्षेत्र के खड़कपुर देवीपुरा निवासी राममूर्ति देवी (30) की शादी को लगभग 9 वर्ष हो गए। उसके बच्चे नहीं हैं। लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व दंपत्ति ने एक बच्चा गोद ले लिया है। आरोप है कि निसंतान होने के कारण विवाहिता को ससुराल वाले अक्सर ताना मारा करते थे।

शुक्रवार की रात लगभग 10 बजे विवाहिता ने खुद को कमरे में बंद कर पंखे में फांसी लगा ली। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर जब परिजनों ने अंदर झांक कर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस को सूचना मिलने पर आईटीआई थानाध्यक्ष विद्या दत्त जोशी मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। इस घटना को लेकर मृतक परिवार में शोक की लहर है।

मृतका के भाई ने लगाया हत्या का आरोप
काशीपुर। ग्राम फत्तावाला, दढियाल जनपद रामपुर उत्तर प्रदेश निवासी मृतका के भाई मोहित कुमार ने आरोप लगाया कि उसकी बहन राममूर्ति ने फांसी नहीं लगाई बल्कि षड्यंत्र के तहत उसके ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर घटना को फांसी दिखाया है। मृतका के भाई का आरोप है कि उसके बहनोई अल्मोड़ा जिला स्थित एक इंटर कॉलेज में टीचर है। आरोप है कि निसंतान होने के कारण विवाहिता को ससुराल वाले ताना ही नहीं मारते थे बल्कि दहेज की खातिर उसकी अक्सर पिटाई भी की जाती थी। बताया गया कि पुलिस की जांच में मृतका के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं ।मृतका के मायके वालों ने कहा कि इस मामले में वह आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही किए जाने को लेकर पुलिस को तहरीर देंगे।

संबंधित समाचार