बरेली: कोरोना वैक्सीनेशन लगाकर 514 रक्षकों को दिया ‘सुरक्षा का कवच’
अमृत विचार, बरेली। घरों में कैद होने की मजबूरी, संक्रमण का डर, अपने और अपनों के स्वास्थ्य की चिंता में 294 दिन गुजरने के बाद आखिरकार शनिवार को जिले में कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन शुरू हो गया। प्रथम चरण में आठ केंद्रों पर लोगों के जीवन की रक्षा करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षा …
अमृत विचार, बरेली। घरों में कैद होने की मजबूरी, संक्रमण का डर, अपने और अपनों के स्वास्थ्य की चिंता में 294 दिन गुजरने के बाद आखिरकार शनिवार को जिले में कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन शुरू हो गया।
प्रथम चरण में आठ केंद्रों पर लोगों के जीवन की रक्षा करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षा का कवच देते हुए कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाई थी। वैक्सीनेशन के पहले दिन आठ केंद्रों में 800 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जानी थी जिसमें से सिर्फ 514 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया।
जिले में स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना की वैक्सीन लगाने के अभियान की शुरुआत केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने गंगाशील आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में की। केंद्रीय मंत्री के साथ आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप और बिथरी चैनपुर विधायक राजेश मिश्र उर्फ पप्पू भरतौल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर टीकाकरण अभियान की शुरुआत कराई।
वैक्सीन का समय सुबह 9:30 बजे रखा गया था लेकिन बाद में यह समय बदलकर 10:30 बजे कर दिया गया। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विधिवत टीकाकरण अभियान की शुरुआत के बाद ही बरेली में भी शुरुआत की गई। प्रधानमंत्री के संबोधन को सभी ने वेबिनार के माध्यम से सुना।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत की ओर मजबूती से बढ़ता हुआ कदम है। वैश्विक महामारी में इतने अल्प समय में देश के वैज्ञानिकों ने दो वैक्सीन बनाकर पूरी दुनिया को चौंका दिया है। कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी का कार्य के प्रति समर्पण भाव ही है जो आम आदमी को भी कार्य के प्रति प्रेरित करता है।
आंवला सांसद ने कहा कि विश्व गुरु की ओर भारत के ये बढ़ते हुए कदम हैं। उन्होंने वैश्विक महामारी में चिकित्सकों के परिजनों, चिकित्सकों स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा किए गए कार्य की सराहना की और इस दौरान इस बीमारी से लड़ते हुए जान गंवाने वाले चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
बिथरी चैनपुर विधायक ने कहा कि नए साल के मौके पर देश के वैज्ञानिकों ने नागरिकों में न सिर्फ आशा का दीपक प्रज्ज्वलित किया है बल्कि उनके मनोबल को भी बढ़ाया है। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्यकर्मियों से निगरानी कक्ष में जाकर लाभार्थियों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी की। इस मौके पर सीएमओ डा. एसके गर्ग, मेडिकल कॉलेज की संयुक्त निदेशिका शशि बाला राठी, प्रबंध निदेशक डा. निशांत गुप्ता, डा. प्रमेंद्र माहेश्वरी, मनीष वैष्णव, संकेत बाली, डा. रवीश अग्रवाल, डा. राघवेंद्र शर्मा, डा. अनूप, अमित, अर्पित, आशीष साहनी आदि मौजूद रहे।
वैक्सीन टीकाकरण अभियान की शुरुआत के लिए चयन गर्व की बात
गंगाशील आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज व अस्पताल के प्रबंध निदेशक डा. निशांत गुप्ता ने बताया कि पूरे देश में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज गंगाशील ही है जिसका इस वैश्विक महामारी के टीकाकरण अभियान की शुरुआत के लिए चयन किया गया है। अब टीका लगाकर इस बीमारी के अंत की शुरुआत करते समय गर्व महसूस हो रहा है।
बिना किसी परेशानी के हुआ टीकाकरण
सीएमओ डा. सुधीर कुमार गर्ग ने बताया कि टीकाकरण केंद्रों पर समुचित व्यवस्था रखी गई थी। टीकाकरण के दौरान कहीं भी कोई दिक्कत नहीं आई। महिला अस्पताल में कुछ लोगों को जरूर थोड़ी बहुत परेशानी हुई लेकिन इससे घबराने की कोई जरूरत नहीं है। शासन के निर्देश पर टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक जिले में हुआ है।
जिला अस्पताल में मंडलायुक्त ने किया वैक्सीनेशन का शुभारंभ
शनिवार को सुबह महिला जिला अस्पताल में मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने फीता काटकर वैक्सीनेशन का शुभारंभ किया। इस दौरान जिलाधिकारी नितीश कुमार, सीडीओ चंद्रमोहन गर्ग, जिला सर्विलांस अधिकारी डा. रंजन गौतम, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक जिला महिला अस्पताल डा. अलका शर्मा समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि पहले डोज के बाद दूसरा डोज 28वें दिन लगेगा। टीका लगने के बाद आधे घंटे तक टीकाकरण केंद्र पर रुकना होगा। प्रतिरक्षित व्यक्ति को यदि बेचैनी या किसी भी तरह की समस्या होती है तो निकटतम स्वास्थ्य अधिकारियों, एएनएम और आशा को इसकी सूचना दें। इसके लिए एंबुलेंस सेवा 108 भी उपलब्ध रहेगी। प्रतिरक्षित व्यक्ति भी कोरोना अनुरूप व्यवहारों जैसे मास्क पहनना, हाथ की सफाई और 6 फीट की शारीरिक दूरी बनाये रखने का पालन करें।
