अयोध्या: विवाहिता की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार, चरित्र पर शक के चलते दिया वारदात को अंजाम
अयोध्या। जनपद की मवई थाना पुलिस ने विवाहिता की हत्या के आरोप में नामजद उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार शख्स के पास से वारदात में प्रयुक्त लोहे का बांका बरामद किया है। पकड़े गए शख्स का पुलिस ने दहेज हत्या के मुकदमे में चालान किया है। मवई थाना क्षेत्र के गांव …
अयोध्या। जनपद की मवई थाना पुलिस ने विवाहिता की हत्या के आरोप में नामजद उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार शख्स के पास से वारदात में प्रयुक्त लोहे का बांका बरामद किया है। पकड़े गए शख्स का पुलिस ने दहेज हत्या के मुकदमे में चालान किया है।
मवई थाना क्षेत्र के गांव नेवाजपुर में 2 दिन पूर्व एक शख्स ने लगभग 2 वर्ष पूर्व ब्याही अपनी पत्नी रिंकू देवी कि घर के भीतर धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद दरवाजा बंद कर आरोपी पति मौके से फरार हो गया था। सुबह मामले की जानकारी होने के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई थी।
वारदात के 2 दिन पूर्व ही वह अपनी पत्नी रिंकू देवी को अपनी ससुराल बाराबंकी जनपद के दरियाबाद थाना क्षेत्र स्थित गांव रानेपुर से विदा करा कर लाया था। आशंका जताई गई थी कि शराब के नशे का आदी रामु उर्फ राम सिंह गौतम ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक के चलते विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के मायके से परिवारी जनों को बुला लिया था। मामले में ससुराली जनों ने दहेज की खातिर प्रताड़ित करने और हत्या करने के आरोप में नामजद मुकदमा पंजीकृत कराया था। मंगलवार को क्षेत्राधिकारी रुदौली ड़ा. धर्मेंद्र कुमार यादव ने बताया कि पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देश पर अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत मवई थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के गांव निवासपुर के पास स्थित नहरपुल से राम सिंह गौतम उर्फ रामू को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त लोहे का बांका बरामद कर लिया है। पुलिस को इसकी नेवाजपुर गांव निवासी विवाहिता की दहेज हत्या के एक मामले में तलाश थी। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी का पुलिस ने पहले से दर्ज मुकदमे में चालान किया है।
