हल्द्वानी: पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों, होमगार्ड, पीआरडी, पुलिस को लगाई जाएगी वैक्सीन
हल्द्वानी,अमृत विचार। कोविड वैक्सीनेशन का दूसरा चरण आठ फरवरी से शुरू होगा। जिसमें पैरामिलिट्री जवानों, होमगार्ड, पीआरडी, पंचायती राज, ग्राम विकास, नगर पालिका, नगर निगम,पुलिस के जवानों व कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। द्वितीय चरण की वैक्सीनेशन के लिए जनपद मे 19 नए साईट बनाये गये हैं, जबकि 35 साईट पूर्व से ही चिन्हित …
हल्द्वानी,अमृत विचार। कोविड वैक्सीनेशन का दूसरा चरण आठ फरवरी से शुरू होगा। जिसमें पैरामिलिट्री जवानों, होमगार्ड, पीआरडी, पंचायती राज, ग्राम विकास, नगर पालिका, नगर निगम,पुलिस के जवानों व कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी।
द्वितीय चरण की वैक्सीनेशन के लिए जनपद मे 19 नए साईट बनाये गये हैं, जबकि 35 साईट पूर्व से ही चिन्हित हैं। इसकी तैयारियों को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी सविन बसंल के निर्देशन में बैठक की गई।
डीएम बंसल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वह स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर इसके लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। जिन कर्मचारियों और जवानों को टीका लगाया जाना है, उन्हें पूर्व में ही सूचना दे दें, जिससे वैक्सीन लगवाने वाले लोग समय से बूथों पर पहुंच सकें। इसके अलावा उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भागीरथी जोशी को वैक्सीन भंडारण के लिए कोल्ड चेन में सभी व्यवस्थाएं समय से बनाने के लिए कहा। आवश्यक वाहनों की उपलब्धता के लिए आरटीओ को सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही वैक्सीन लगने के बाद लाभार्थियों के छोटे-छोटे वीडियो क्लिप रिकॉर्ड के तौर पर रखने के लिए कहा।
बैठक मे जानकारी देते हुए सीएमओ ने बताया कि प्रथम श्रेणी के फ्रंटलाइन वर्कर्स (स्वास्थ्य कर्मियों) का प्रथम चक्र छह फरवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। स्वास्थ कर्मियों के दूसरे चरण का टीकाकरण 19 फरवरी से होगा। बताया कि होमगार्ड, पीआरडी जवानों के अलावा कुंभ में ड्यूटी लगने वाले कर्मचारियों का टीकाकरण हरिद्वार में ही होगा।
इस दौरान वरिष्ठ पुसिल अधीक्षक प्रीति प्रियदर्शनी, अपर जिलाधिकारी एसएस जंगपांगी, उप जिलाधिकारी ऋचा सिह, अनुराग आर्य, विजयनाथ शुक्ल, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी आदि मौजूद रहे।
