काशीपुर: फूल के पौधे मांगने पर अधिकारी ने की महिला किसान से अभद्रता
काशीपुर, अमृत विचार। किसानों ने कृषि विज्ञान केंद्र अधिकारी पर महिला किसान से अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया। बाद में अधिकारी के खेद जताने पर किसानों ने धरना समाप्त किया। मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र में किसानों की वर्चुअल बैठक चल रही थी। महिला किसानों के साथ …
काशीपुर, अमृत विचार। किसानों ने कृषि विज्ञान केंद्र अधिकारी पर महिला किसान से अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया। बाद में अधिकारी के खेद जताने पर किसानों ने धरना समाप्त किया।
मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र में किसानों की वर्चुअल बैठक चल रही थी। महिला किसानों के साथ अन्य किसानों को उत्तम कृषि का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। बैठक समाप्त होने के बाद एक महिला किसान ने केंद्र अधिकारी से कुछ फूल के पौधे मांगे। आरोप लगाया कि पौधे मांगने पर केंद्र अधिकारी ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इससे आक्रोशित किसान ब्रहमनगर निवासी गविंद्र सिंह गवि के नेतृत्व में केंद्र के गेट पर धरने में बैठ गये । उन्होंने कहा कि केंद्र में आए दिन किसान बैठक और प्रशिक्षण के लिए आते रहते हैं। केंद्र अधिकारी ने महिला किसान से अभद्र भाषा का प्रयोग कर किसानों को अपमानित किया है। उन्होंने मौके पर प्रशासनिक अधिकारी के आने और आरोपी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने मांग पूरी न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। शाम करीब पांच बजे केंद्र अधिकारी के धरना स्थल पर पहुंच खेद जताने पर किसानों ने धरना समाप्त किया। इस मौके पर दिलीप कुमार, धर्मवीर, सतपाल, नानक चंद, रक्षपाल, विनोद कुमार, नीरज आदि मौजूद थे।
