रामनगर: एसपी ट्रैफिक बोले, जन सहयोग से पटरी पर लाएंगे बिगड़ी यातायात व्यवस्था
रामनगर, अमृत विचार। जन सहयोग से रामनगर की न केवल बिगड़ी यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाया जाएगा, बल्कि नशे के कारोबारियों पर भी नकेल कसी जाएगी। यह बात एसपी ट्रैफिक व क्राइम देवेंद्र पींचा ने कोतवाली में कही। उन्होंने कहा कि दिन में भारी वाहनों की नो एंट्री तो की ही जाएगी साथ ही …
रामनगर, अमृत विचार। जन सहयोग से रामनगर की न केवल बिगड़ी यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाया जाएगा, बल्कि नशे के कारोबारियों पर भी नकेल कसी जाएगी। यह बात एसपी ट्रैफिक व क्राइम देवेंद्र पींचा ने कोतवाली में कही। उन्होंने कहा कि दिन में भारी वाहनों की नो एंट्री तो की ही जाएगी साथ ही पार्किंग व्यवस्था में भी सुधार किया जाएगा।
एसपी ने नगर में आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़े लोगों से भी बात की है। कहा कि रामनगर से हलदुवा तक जिन स्थानों पर जाम लगता है, वहां व्यवस्था को पटरी पर लाया जाएगा। पुलिस कर्मियों को उन्होंने निर्देशित किया है कि केवल चालान करना पुलिस का मकसद नहीं होना चाहिए। जाम से किस तरह निजात मिले, इस पर भी फोकस करना जरूरी है। कहा कि मुख्य मार्ग रानीखेत रोड के किनारे अनावश्यक खड़ी होने वाली टैक्सियों को पुरानी तहसील स्थित पार्किंग में खड़ा किए जाने के लिए व्यव्स्थाएं बनाई जाएंगी। पालिका के सहयोग से रोड किनारे अतिक्रमण को हटाया जाएगा।
नशे को रोकने के लिए अलग-अलग अलग टीमें बनाकर अभियान चलाया जाएगा। हल्द्वानी से यातायात निरीक्षक तीन दिन अपनी सेवाएं रामनगर को देंगे। इस दौरान कोतवाल अबुल कलाम, यातायात निरीक्षक आदेश कुमार, एसएसआई जयपाल सिंह चौहान मौजूद रहे।
‘आओ खुशियां बांटे’ ने यातायात नियमों के लिए जागरूक किया
हल्द्वानी। यातायात पुलिस की ओर से नैनीताल जिले में 32वां सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इसी के तहत स्वयंसेवी संस्था आओ खुशियां बांटे के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सिंधी चौराहे पर जनजागरूकता अभियान चलाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ यातायात निरीक्षक राकेश मेहरा ने किया। इस मौके पर उन्होंने आओ खुशियां बांटे के कार्यकर्ताओं को अभियान में सहयोग के लिए शुभकामनाएं दी और आम जन से अपील की कि सभी यातायात के नियमों का पालन करें और हेलमेट को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाकर दोपहिया वाहन चलाते वक्त हमेशा हेलमेट पहनें। आओ खुशियां बांटे संगठन के कार्यकर्ताओं ने रवि दुर्गापाल व राधा टंडन के नेतृत्व में दोपहिया, कार व टेंपो चालकों को पत्रक बांटकर यातायात के नियमों का पालन करने की अपील की। इस मौके पर करीब पांच हजार अपील पत्र का वितरण किया। इस दौरान नीतू अग्रवाल, नीलू नेगी, जया जोशी,भगवती कांडपाल,सुरभि मेहरोत्रा,अशोक पठालनी, कार्तिक हर्बोला, प्रज्ञान शर्मा, रवींद्र बाली, दीपक तिवारी, नवनीत सिंह, लछमन मेहरा, महेश चंद, मुदित दुर्गापाल,अतुल पांडेय, गोपाल जोशी आदि मौजूद रहे।
