हल्द्वानी: अपराध पर शिकंजा कसने के लिए एसएसपी ने शुरू किए 17 ऑपरेशन
हल्द्वानी, अमृत विचार। एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी ने वीवीआईपी जिला नैनीताल में अपराध नियंत्रण के लिए 17 अभियान शुरू किए हैं। हर थाना-चौकी स्तर पर अधीनस्थों को इन अभियानों के तहत कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। एसएसपी की कार्ययोजना के अनुसार ऑपरेशन बाइक में दोपहिया वाहन, ऑपरेशन फोर में चार पहिया वाहनों की चेकिंग होगी। …
हल्द्वानी, अमृत विचार। एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी ने वीवीआईपी जिला नैनीताल में अपराध नियंत्रण के लिए 17 अभियान शुरू किए हैं। हर थाना-चौकी स्तर पर अधीनस्थों को इन अभियानों के तहत कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
एसएसपी की कार्ययोजना के अनुसार ऑपरेशन बाइक में दोपहिया वाहन, ऑपरेशन फोर में चार पहिया वाहनों की चेकिंग होगी। ऑपरेशन ब्राउन में होटल व ढाबों जबकि ऑपरेशन रेड में कबाड़ी, मोटर गैराज, मैकेनिक आदि की चेकिंग होगी। ऑपरेशन ब्लू में बॉर्डर जबकि ऑपरेशन क्लीन स्वीप में धार्मिक स्थलों की चेकिंग होगी। ऑपरेशन वाटर के तहत अवैध शराब जबकि ऑपरेशन यलो अवैध खनन के विरुद्ध होगा। ऑपरेशन सर्च में वारंटी की धरपकड़ जबकि ऑपरेशन वांटेड में वांछित अपराधियों की तलाश की जाएगी। ऑपरेशन मनी में बैंक एटीएम और आसपास चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
ऑपरेशन पिंक में बालिका स्कूल खुलने और बंद होने के दौरान चेकिंग होगी। ऑपरेशन हैवी में ओवरलोड वाहनों जबकि ऑपरेशन एचएस हिस्ट्रीशीटर की निगरानी के लिए चलाया जाएगा। ऑपरेशन ब्लैक के तहत पुराने अपराधियों का सत्यापन होगा। ऑपरेशन गोल्ड में बाजार और सर्राफ दुकानों की चेकिंग होगी। ऑपरेशन लाइट में ब्यूटी पार्लर, स्पा सलून की चेकिंग होगी।
नशा जागरुकता के लिए लगेंगे पोस्टर, होगा अनाउंसमेंट
हल्द्वानी। महानगर में नशे के प्रकोप को देखते हुए पुलिस हर गली-कूचे में जारी किए गए हेल्पलाइन नंबरों के पोस्टर लगाएगी। इसके माध्यम से नागरिकों को नशा उन्मूलन के प्रति जागरुक किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस वाहनों से भी अनाउंसमेंट के जरिये जागरूक किया जाएगा।
