हल्द्वानी: ओवरस्पीड बनी थी चोरगलिया हादसे का सबब
हल्द्वानी,अमृत विचार। चोरगलिया में हुआ भीषण स्कार्पियो हादसा ओवरस्पीड के चलते हुआ था। हादसे के वक्त वाहन की गति लगभग 140 किमी प्रतिघंटा थी। चालक और अन्य सवारियों ने सीट बेल्ट भी नहीं पहनी थी। इसके चलते हादसे के वक्त एयर बैग भी नहीं खुला। एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी एसपी जगदीश चंद्र, सीओ लालकुआं …
हल्द्वानी,अमृत विचार। चोरगलिया में हुआ भीषण स्कार्पियो हादसा ओवरस्पीड के चलते हुआ था। हादसे के वक्त वाहन की गति लगभग 140 किमी प्रतिघंटा थी। चालक और अन्य सवारियों ने सीट बेल्ट भी नहीं पहनी थी। इसके चलते हादसे के वक्त एयर बैग भी नहीं खुला।
एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी एसपी जगदीश चंद्र, सीओ लालकुआं प्रमोद शाह, हल्द्वानी यातायात निरीक्षक राकेश माहरा, एसओ चोरगलिया संजय जोशी ने दुर्घटनास्थल का दौरा कर जांच-पड़ताल की। इस दौरान ये तथ्य प्रकाश में आए। साफ हुआ कि दानीबंगर मोड़ पर स्पीड ब्रेकर होने के बाद भी चालक ने गति कम नहीं की। अनियंत्रित वाहन पैराफिट से टकरा यूकेलिप्टस के पेड़ पर 15 फिट ऊंचाई पर जाकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
दुर्घटनाग्रस्त कार में डिस्पोजिबल गिलास, नमकीन आदि भी मिली। आशंका जताई कि कार चालक और सवार शराब के नशे में थे। किसी अन्य वाहन से दुर्घटना के कोई साक्ष्य नहीं मिले। बता दें कि इस हादसे में यूपी के लखीमपुर खीरी के दो कारोबारी युवकों को अकाल जान गंवानी पड़ी थी।
चालकों को सचेत करने के लिए साइनेज लगाएगी पुलिस
हल्द्वानी। चोरगलिया में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पुलिस चालकों को सचेत करने के लिए साइनेज बोर्ड लगाएगी। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा और ढांचागत समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित एजेंसियों से कहा जाएगा। प्रभारी एसपी ने बताया कि एसओ को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का सर्वे कर रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
