रुद्रपुर: मेडिकल कॉलेज के नामकरण विवाद में अब कांग्रेस भी कूदी
रुद्रपुर, अमृत विचार। राजकीय रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का नाम सरदार पटेल के नाम पर रखे जाने के जिला पंचायत के प्रस्ताव के बाद भाजपा नेता सुरेश गंगवार व किच्छा विधायक राजेश शुक्ला के बीच हुए विवाद में अब कांग्रेस पार्टी भी कूद पड़ी है। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलक राज बेहड़ ने जिला पंचायत के प्रस्ताव को प्रेरणादायक व सराहनीय कदम बताया …
रुद्रपुर, अमृत विचार। राजकीय रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का नाम सरदार पटेल के नाम पर रखे जाने के जिला पंचायत के प्रस्ताव के बाद भाजपा नेता सुरेश गंगवार व किच्छा विधायक राजेश शुक्ला के बीच हुए विवाद में अब कांग्रेस पार्टी भी कूद पड़ी है। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलक राज बेहड़ ने जिला पंचायत के प्रस्ताव को प्रेरणादायक व सराहनीय कदम बताया है।
“अमृत विचार” से वार्ता करते हुए बेहड़ ने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के नाम को लेकर जो प्रस्ताव जिला पंचायत के अध्यक्ष द्वारा सबकी सहमति से पास कराया गया है उस प्रस्ताव को राज्य सरकार की परिषद को स्वीकार करना चाहिए। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश के गृह मंत्री रहते हुए देश को मजबूती प्रदान की हो। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का नाम सरदार पटेल पर होने से देश व प्रदेश का गौरव बढ़ेगा। साथ ही शहीद उधम सिंह का भी सम्मान होगा।
बेहड़ ने कहा कि आज प्रदेश व केंद्र में भाजपा सरकार है ऐसे में यह तय होगा कि राज्य सरकार जिला पंचायत उधम सिंह नगर द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकार कर अच्छा कदम उठाती है या फिर किसी के राजनीतिक अथवा पारिवारिक दबाव के आगे झुककर यह साबित करती है कि सरदार पटेल के नाम का उपयोग सिर्फ राजनीति के लिए करती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को साबित करना होगा कि वो देश के लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल के सम्मान में है या विरोध में खड़ी है। जिस तरह से पूर्व सरकार के समय मुख्यमंत्री हरीश रावत को गुमराह करके निजी सौदे बाजी करके इस तराई के मेडिकल कॉलेज का नाम अपने परिवार के नाम पर विधायक कराने में सफल हुए उसका भी मुखौटा जनता के सामने सच्चाई के रूप में आ सके।
बेहड़ ने कहा कि विधायक राजेश शुक्ला को स्वयं जिला पंचायत के प्रस्ताव का समर्थन करना चाहिए। देश के अंदर लौह पुरुष सरदार पटेल का जो कद है उसकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती है।
