हल्द्वानी: 17 साल बाद अपने स्वरूप में आएगी उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी
राहुल जोशी, हल्द्वानी। वर्ष 2022 तक उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी 17 साल बाद अपने असली स्वरूप में आएगी। वर्ष 2005 में किराये के दो कमरे से शुरू हुआ यह सफर आज हजारों बच्चों के लिए शिक्षा का केंद्र बन गया है। अस्तित्व में आने के सात साल बाद वन विभाग की ओर से 25 एकड़ भूमि …
राहुल जोशी, हल्द्वानी। वर्ष 2022 तक उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी 17 साल बाद अपने असली स्वरूप में आएगी। वर्ष 2005 में किराये के दो कमरे से शुरू हुआ यह सफर आज हजारों बच्चों के लिए शिक्षा का केंद्र बन गया है। अस्तित्व में आने के सात साल बाद वन विभाग की ओर से 25 एकड़ भूमि आवंटित की गयी। वर्तमान में करीब 16 साल पूरी कर चुकी यूनिवर्सिटी अगले साल तक अपना असल रूप धारण कर लेगी।
उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी सबसे पहले मुख्य बाजार स्थित दो किराए के कमरों से शुरू की गयी थी। इसके बाद कुसुमखेड़ा और फिर ऊंचापुल स्थानांतरित की गयी। वर्ष 2010 से यूनिवर्सिटी को लेकर काफी तेजी के साथ काम हुआ। वन विभाग की ओर से भूमि आवंटित होने के बाद वर्ष 2012 में यूनिवर्सिटी तीनपानी स्थित शुरू हुई। इसके बाद से यूनिवर्सिटी लगातार अपना विस्तार कर रही है। यूनिवर्सिटी में करीब 90 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इसके साथ ही यहां पर 14 विभाग यानी डायरेक्ट्रेट ऑफ स्कूल हैं। इसके अलावा यूनिवर्सिटी में 50 स्थायी और 40 अस्थायी फैकल्टी हैं।
उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी के कुलपति ने बताया कि यहां पर बहुउद्देशीय हाल, गेस्ट हाउस, कुलपति आवास, कर्मचारी आवास, विज्ञान ब्लॉक, एमपीडीडी हॉल बनाने के साथ ही परिसर की सड़कों का भी जीर्णोधार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इनका शुक्रवार को शिलान्यास होने के बाद करीब डेढ़ साल में यानी वर्ष 2022 तक कार्य पूरा होना है।
चार करोड़ के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण आज
तीनपानी स्थित उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी में आज यानी शुक्रवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत प्रशासनिक भवन का लोकार्पण करेंगे। यह प्रशासनिक भवन चार करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। वहीं, इस दौरान बहुउद्देशीय हाल, गेस्ट हाउस, कर्मचारी आवास, एमपीडीडी हॉल का शिलान्यास भी किया जाएगा। इस दौरान अतिविशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विशिष्ट अतिथि सांसद नैनीताल अजय भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष और कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत और लालकुआं विधायक नवीन चंद्र दुम्का मौजूद रहेंगे।
