हल्द्वानी: बिहार में बैंक डकैती का मास्टरमाइंड भीमताल से गिरफ्तार
हल्द्वानी,अमृत विचार। बिहार के वैशाली जिले के ग्राम कंचनपुर स्थित एक निजी बैंक डकैती का मास्टरमाइंड नैनीताल जिले में छुपा हुआ था। वैशाली जिले की पुलिस की सूचना पर नैनीताल पुलिस की एसओजी ने आरोपी को भीमताल से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को वैशाली पुलिस टीम के हवाले कर दिया। एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी …
हल्द्वानी,अमृत विचार। बिहार के वैशाली जिले के ग्राम कंचनपुर स्थित एक निजी बैंक डकैती का मास्टरमाइंड नैनीताल जिले में छुपा हुआ था। वैशाली जिले की पुलिस की सूचना पर नैनीताल पुलिस की एसओजी ने आरोपी को भीमताल से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को वैशाली पुलिस टीम के हवाले कर दिया।
एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने बताया कि गुरुवार को एसपी वैशाली ने फोन और मेल के जरिये बैंक डकैती में लिप्त मुख्य आरोपी की लोकेशन भीमताल में होने की जानकारी दी। इसके बाद एसओजी प्रभारी मनोज रतूड़ी और टीम ने भीमताल में बताई गई लोकेशन और पहचान के आधार पर आरोपी को धर दबोचा। आरोपी की पहचान विनोद कुमार सिंह उर्फ बाबू साहेब निवासी दुर्गानगर, हाजीपुर, जिला वैशाली के रूप में हुई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को वैशाली पुलिस के जांच अधिकारी सुनील कुमार सिंह के हवाले कर दिया। जांच अधिकारी शुक्रवार को कोर्ट से आरोपी की रिमांड लेकर लौट गए।
हथियारबंदों ने महज पांच मिनट में दिया डकैती कांड को अंजाम
हल्द्वानी। बिहार के थाना बिदुपर के क्षेत्र में 28 जनवरी को दिनदहाड़े बैंक डकैती की इस घटना को अंजाम दिया गया था। हथियारबंद डकैतों ने बैंक प्रबंधक सुभाष कुमार और पांच अन्य कर्मियों को पिस्टल की नोंक पर लेकर महज पांच मिनट के भीतर कैश काउंटर और स्ट्रांग रूम से लगभग 44.61 लाख रुपये लूट लिए थे। उस दिन बैंक शाखा का सुरक्षा कर्मी अवकाश पर था। डकैतों ने इस जानकारी का पूरा फायदा उठाया। प्रबंधक के अनुसार डकैती की इस घटना में आठ लोग शामिल थे। जबकि छह हथियारबंद थे। तीन बदमाशों ने हेलमेट जबकि छह ने मास्क से चेहरा ढका था। ये बदमाश तीन बाइकों पर आए थे। बैंक से कैश के साथ ही डकैतों ने प्रबंधक समेत चार कर्मियों और एक ग्राहक का मोबाइल और पर्स भी लूट लिया था। पूरी घटना बैंक के सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई थी। वैशाली पुलिस ने फुटेज और लूटे गए मोबाइल की लोकेशन के आधार पर मुख्य आरोपी का पता लगाया।
अपराधियों का स्लीपिंग सेल बना नैनीताल जिला
हल्द्वानी। वीवीआईपी जिला नैनीताल बाहरी राज्यों के अपराधियों की पनाहगार बना है। बिहार डकैती के मुख्य आरोपी के पकड़े जाने से इस तथ्य पर फिर मुहर है। इससे पहले भी समय-समय पर बाहरी राज्यों में अपराध करने के बाद बदमाश नैनीताल को पनाह बनाते रहे हैं। हाल ही में काठगोदाम पुलिस ने बाहरी राज्य से चोरी की कीमती कार समे आरोपी को गिरफ्तार किया था।
